कोलंबिया के कपल को भाया इंडिया: लहंगा-चोली संग लाल ओढ़नी में कैमिला और शेरवानी में एडविन... दंपती ने की भारतीय रिवाज से शादी
कोलंबिया के एडविन और कैमिला ने आगरा में भारतीय रीति-रिवाजों से शादी की। उन्होंने सात फेरे लेकर जीवन भर साथ निभाने का वचन दिया। दंपती भारतीय संस्कृति से बहुत प्रभावित हैं, खासकर 'एक पति-एक पत्नी' की अवधारणा से। उन्होंने 2018 में शादी की थी, लेकिन भारतीय परंपरा से शादी करना उनका सपना था। ताजमहल के शहर में शादी करना उनके लिए एक अद्भुत अनुभव रहा।

कोलंबिया के एडविन और कैमिला ने भारतीय रीति-रिवाजों से शादी की।
जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय संस्कृति से कोलंबिया के दंपती इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने मोहब्बत की नगरी में सात फेरे लेकर एक-दूजे का जीवनभर साथ नहीं छोड़ने का प्रण लिया। एकदूजे का जीवनभर साथ निभाने को सात वचन लेने के बाद दंपती ने कहा कि उनके यहां एक पति-एक पत्नी की संस्कृति नहीं है। भारतीय संस्कृति की इस खूबसूरती से वह बहुत प्रभावित हैं। वह प्रण लेते हैं कि जीवनभर एकदूजे का साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
भारतीय संस्कृति से प्रभावित दंपती ने की भारतीय रीति-रिवाज से शादी
दक्षिण अमेरिका के कोलंबिया के दंपती एडविन और कैमिला रविवार को ऋषिकेश से आगरा आए थे। यहां आकर उन्होंने गाइड आरिफ से कहा कि अगर किसी को आपत्ति नहीं हो तो वह भारतीय परंपरा से शादी करना चाहते हैं। इसके बाद केसर रेस्टोरेंट के संचालक जावेद ने उनकी शादी का इंतजाम कराया।
सात वचन लेने के बाद एक-दूजे के साथ जीवनभर रहने का लिया प्रण
रेस्टाेरेंट में बनाए गए मंडप में रविवार देर रात पं. सूरज शर्मा ने शादी की सारी रस्में कराईं। शेरवानी व पगड़ी पहने एडविन और लहंगा-चोली के साथ लाल रंग की ओढ़नी पहने कैमिला का जोश देखते ही बन रहा था। दोनों ने अग्नि के साथ फेरे लेने के साथ ही सात वचन भी लिए। पं. सूरज शर्मा ने हिंदी में मंत्र पढ़ने के साथ दोनों को अंग्रेजी में उसका अर्थ बताया। एडविन ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में शादी की थी। वह भारतीय संस्कृति से बहुत अधिक प्रभावित हैं। कैमिला ने कहा कि ताजमहल के शहर में शादी करना अद्भुत अनुभव है। सोमवार को दोनों ने ताजमहल निहारा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।