Panchayat Elections 2026: एक बूथ पर होंगे 800 मतदाता, सूची की जांच करेंगे 1432 बीएलओ
आगरा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी शुरू हो गई है। 19 अगस्त से 29 सितंबर तक मतदाता सूची का पुनरीक्षण होगा जिसके लिए बीएलओ घर-घर जाएंगे। प्रत्येक बीएलओ के मोबाइल पर एप भी डाउनलोन कराया गया है। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, आगरा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। 19 अगस्त से 29 सितंबर तक मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान चलेगा। तीन हजार मतदाताओं पर एक बीएलओ की तैनाती की गई है। इससे अधिक होने पर दो बीएलओ लगाए गए हैं। सूची की जांच 1432 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) करेंगे। एक बूथ में 800 मतदाता होंगे। वहीं 19 से 22 सितंबर तक आनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
वर्ष 2021 में हुए चुनाव में जिले में 21.14 लाख मतदाता थे। सामान्य तौर पर एक बूथ में चार से पांच पदों के लिए वोट पड़ते हैं। इसमें जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य व प्रधान शामिल हैं। इससे पांच से सात मिनट का समय लगता है। जिसे देखते हुए एक बूथ में 800 मतदाता होते हैं। अगले साल होने जा रहे चुनाव में इतने ही मतदाता होंगे।
19 अगस्त से 29 सितंबर तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
निर्वाचन आयोग के आदेश पर पिछले सप्ताह जिला प्रशासन ने बीएलओ की सूची तैयार कर ली है। 1432 बीएलओ की सूची बनी है। यह सभी बीएलओ 19 अगस्त से घर-घर जाएंगे। यह अभियान 29 सितंबर तक चलेगा। प्रत्येक बीएलओ के पास विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की भी सूची होगी। दोनों सूची का मिलान किया जाएगा। प्रत्येक बीएलओ के मोबाइल पर एप भी डाउनलोन कराया गया है।
यह है मतदाता पुनरीक्षण अभियान की जानकारी
- 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक मतदाता सूची को जमा कराया जाएगा।
- डाटा फीडिंग का कार्य सात अक्टूबर से 24 नंवबर तक होगा।
- बूथों की जांच 25 नवंबर से चार दिसंबर तक होगी।
- मतदाता की अंतिम सूची का प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को होगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी निर्मला फौजदार ने बताया कि घर बैठे भी मतदाता आनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जांच के बाद मतदाता सूची में नाम बढ़ाया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।