आगरा में खुलेगा नक्षत्रों का संसार: 39.62 करोड़ रुपये से बनेंगे नक्षत्रशाला और साइंस सिटी
आगरा में 39.62 करोड़ रुपये की लागत से नक्षत्रशाला और साइंस सिटी का निर्माण होगा। नोर्मल कंपाउंड में बनने वाली इस नक्षत्रशाला का भूमि पूजन गुरुवार को होगा। यह लखनऊ और गोरखपुर के बाद प्रदेश की तीसरी नक्षत्रशाला होगी। यह परियोजना छात्रों को खगोलशास्त्र के रहस्यों से परिचित कराएगी और शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा देगी। पूरा परिसर सौर ऊर्जा से संचालित होगा।
-1762414583418.webp)
आगरा में बनेगी नक्षत्रशाला।
जागरण संवाददाता, आगरा। लखनऊ और गोरखपुर के बाद प्रदेश में तीसरी नक्षत्रशाला आगरा में बनेगी। नाेर्मल कंपाउंड में बनने वाली नक्षत्रशाला और साइंस सिटी पर 39.62 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें 18 माह का समय लगेगा। गुरुवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार नक्षत्रशाला का भूमि पूजन करेंगे। यह शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही खगोलशास्त्र के रहस्यों से पर्दा उठएगी।
नोर्मल कंपाउंड में गुरुवार को होगा भूमि पूजन, 18 माह में बनेगी
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को शाहगंज स्थित सत्तो लाला फूड कोर्ट में प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, जब उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी थी, तब नक्षत्रशाला की कार्य योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत की थी। कैबिनेट में प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि को विज्ञान एवं प्राैद्योगिकी विभाग को स्थानांतरित कराया गया।
शैक्षिक पर्यटन के साथ खगोलशास्त्र के रहस्यों की मिलेगी जानकारी
नक्षत्रशाला बनने से छात्रों को खगोलशास्त्र के रहस्यों को समझने का अवसर मिलेगा। शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य छात्रों को विज्ञान और खगोलशास्त्र के रहस्यों से रूबरू कराना है। ओम प्रताप सिंह, सुनील करमचंदानी मौजूद रहे।
सौर ऊर्जा से संचालित होगा पूरा परिसर
नक्षत्रशाला का पूरा परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ ऊर्जा व पर्यावरण संरक्षण के लिए सौर ऊर्जा से संचालित होगा। 11 हजार 149 वर्ग मीटर भूमि में विकसित होने वाले साइंस पार्क में भूतल पर नक्षत्रशाला बनेगी। साइंस पार्क में एग्जीबिशन हाल, साइंस वर्कशाप, पेंट्री, कार्यशाला कक्ष के साथ अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।