अलीगढ़ में बिजली संकट से जनता बेहाल... सुदामापुरी क्षेत्र में नौ घंटा आपूर्ति ठप, पोल पर गिरीं पेड़ों की डाली
अलीगढ़ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों का हाल बेहाल है। सुदामापुरी और हाथरस अड्डा जैसे क्षेत्रों में नौ घंटे तक बिजली गुल रही जिससे हजारों लोग परेशान हुए। आंधी के कारण कई जगह लाइनों पर पेड़ गिरने और ट्रांसफार्मर फुंकने से समस्या और बढ़ गई। लोगों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए और अधिकारियों से संपर्क करना मुश्किल हो गया।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से लोग सुबह से लेकर रात तक परेशान रहे। सुदामापुरी क्षेत्र में लगाए गए नए पोल पर पेड़ों की डाली गिरने से नौ घंटे तक 19 हजार लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाथरस अड्डा में क्षेत्र में भी नौ घंटे बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। शाम को आई आधीं से पड़ियावाली, रावण टीला आदि जगहों पर 33केवी की लाइन पर पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं।
सीमा टाकीज के पास ट्रांसफार्मर में चिंगारी उठने से फुंक गया। शहर के धनीपुर मंडी, जमालपुर, र्धारा, पडि़यावली, बारहद्वारी आदि क्षेत्राें में समस्या रही। देर तक बिजली आपूर्ति नहीं होने से घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। शहर में 24 घंटे व देहात में 18 घंटे बिजली आपूर्ति करने के निर्देश हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में शासन के निर्देशों को पालन नहीं हो पा रहा है।
हाथरस अड्डा क्षेत्र में नौ घंटे नहीं हो पाई बिजली आपूर्ति
मंगलवार को सुबह बरसात हाेने से गर्मी से कुछ राहत थी। बावजूद शहर में जगह-जगह फाल्ट हो गए। सुदामापुरी क्षेत्र में पोल बदलने के लिए शट डाउन लिया गया था। इस कारण सुबह से शटडाउन लिया गया था, लेकिन शाम को आई आंधी से नए पोल पर पेड़ की डाली टूटकर गिर गई। इस कारण सुबह सुबह आठ बजे से लेकर नौ घंटे बिजली आपूर्ति नहीं हुई। इस कारण करीब 19 हजार लोगों ने परेशानी झेली।
सुदामापुरी बेगम बाग के नेम सिंह सोलंकी ने बताया कि सुबह छह बजे से लेकर शाम पौने सात बजे बिजली कटौती से लाेगों को बुरा हाल हो गया है। हाथरस अड्डा, गंभीरपुरा आदि क्षेत्र में नौ घंटा बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस क्षेत्र के आठ हजार लोगों को दिक्कतों को सामना करना पड़ा।
आंधी से आधे शहर की बिजली आपूर्ति रही ठप
शाम को आई आंधी के चलते पड़ियावली, रावणटीला क्षेत्र में पेड़ाें की टहनियां 33केवी की लाइन पर गिर गईं। इस कारण शाम चार बजे से लेकर रात नौ बजे बिजली आपूर्ति बाधित रही। रावण टीला क्षेत्र के सुरेंद्र नगर, देवी का नगला, डालचंद्र नगला, छावनी, विकास नगर, शास्त्री नगर धनीपुर मंडी, सासनी गेट, रामनगर, सारसौल, आइटीआई रोड, स्वर्ण जयंती नगर आदि क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्या बनी रही। सीमा टाकीज के पास ट्रासंफार्मर फुंक गया।
अधिशासी अभियंता शंशाक अग्रवाल ने बताया कि हाथरस अड्डा व सुदामापुरी में पोल बदलने के लिए शटडाउन लिया गया था। शाम को आंधी के कारण सतर्कता के चलते लाल डिग्गी, बारहद्वारी आदि फीडरों को बंद कर दिया था। रावण टीला में फेस टू गए थे।
धनीपुर माली का नगला में रही ट्रिपिंग की समस्या
धनीपुर मंडी माली का नगला मरघट के पास दिन भी ट्रिपिंग की समस्या रही। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि पूरे दिन आधा घंटे के अंतर पर बिजली आती जाती रही। क्षेत्रीय लोगों ने स्थानीय बिजली अधिकारियाें को फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। गुस्साए लोगों ने अधीक्षण अभियंता शहर को फोन किया तो उन्होंने भी फोन नहीं उठाया।
बिहारी नगर ट्रांसफार्मर में लगी आग
भुजपुरा रोड पर बिहारी नगर छात्रावास के पास रात में ट्रांसफार्मर की बंच केवल में आग लग गई। इस कारण रात 12 बजे तक आपूर्ति नहीं हो सकी। इस कारण छात्रावास के विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूरे दिन बिजली आपूर्ति नहीं होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। अधिकारियों को मरम्मत के काम गर्मी से पहले करने चाहिए। डा. भुवनेश कुमार, रावण टीला
बिजली आपूर्ति नहीं होने से घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं। महिला व बच्चों का घर में रहना मुश्किल हो गया। अधिकारी फोन भी नहीं उठाते हैं। चंद्रभान, संजय गांधी कालोनी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।