Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घर में ताला लगाकर भागे निगम की टीम पर हमला करने वाले उप्रद्रवी, पुलिस ने तीन लोगों को भेजा जेल

    Updated: Thu, 30 Oct 2025 11:00 PM (IST)

    नगर निगम की टीम पर हमला करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। घटना के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर भाग गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नगर निगम की टीम और एसडीएम अतरौली की गाड़ी पर हमला करने वाले मामले में गिरफ्तार हुए तीन आरोपितों को गुरुवार को जेल भेज दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में शामिल आरोपित घर में ताला डाल फरार हो गए हैं। पुलिस ने क्षेत्र में जाकर दबिश दी तो आरोपित नहीं मिले। अब पुलिस उनकी खोजबीन को उनके सगे संबंधियों व करीबियों से संपर्क कर रही है। गांव में पुलिस भी तैनात की गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महुआखेड़ा क्षेत्र के छर्रा विधायक रवेन्द्रपाल सिंह के गांव असदपुर कयाम में नगर निगम की टीम बुधवार को गाटा संख्या 328 की 1730 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान इसका विरोध हुआ, लेकिन जेसीबी से दीवार और गेट गिरा दिए गए। उसके बाद क्षेत्रीय लोग और काफी संख्या में महिलाएं उग्र होकर जेसीबी के सामने आ गईं। इस टीम के साथ न ही महिला पुलिस थी और न ही किसी थाने को उन्होंने सूचित किया था। ऐसे में उग्र हुईं महिलाएं व क्षेत्रीय लोग टीम पर हावी हो गए।

    महिलाओं के प्रदर्शन को देख टीम वापस लौटने लगी। इसी दौरान भीड़ ने नगर निगम के एक वाहन पर पत्थर फेंका, जिसके बाद वह गाड़ी फंस गई। उसी दौरान घटना स्थल वाले मार्ग से एसडीएम अतरौली सुमित सिंह अपने सरकारी वाहन से जा रहे थे। भीड़ ने एसडीएम की गाड़ी को नगर निगम का वाहन समझकर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे घबराए चालक सोनू ने वाहन रोक दौड़ लगा दी। एसडीएम भी जान बचाकर भागे। गार्ड अमरीश गाड़ी में ही बैठा रह गया। भीड़ ने चालक और गार्ड की पिटाई कर दी।

    पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद व 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। घटना के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया था। बाद में वीडियो के आधार पर घटना के दौरान उनके द्वारा भी हमला करने की पुष्टि के बाद रवि, रामखिलाड़ी व शिवाजी गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही हैं। वीडियो के आधार पर कुछ और की भी पहचान हुई है। आरोपित फरार हैं।