अलीगढ़ में प्लाट में गाय बांधने को लेकर भिड़े दो पक्ष, चले ईंट-पत्थर
देहलीगेट क्षेत्र के इंद्रा नगर की घटना तीन लोग घायल दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

जासं, अलीगढ़ : देहलीगेट थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर में बुधवार सुबह गाय बांधने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट हुई। आरोप है कि एक पक्ष छत से पथराव कर दिया। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
इंद्रा नगर निवासी लता देवी ने बताया है कि उनके घर के पास प्लाट है, जिसमें गाय बांधती हैं। इसी प्लाट में पड़ोसी पूरन सिंह की भी गाय बंधती है। आरोप है कि गाय बांधने को लेकर आएदिन गाली-गलौज की जाती है। बुधवार सुबह भी गाली-गलौज की गई। इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने इकट्ठा होकर हमला बोल दिया। मारपीट में लता को गंभीर चोट आई, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। आरोप है कि इसके बाद भी लोगों ने छत पर जाकर पथराव किया। मारपीट में दूसरे पक्ष से पूरन की पत्नी अनीता भी घायल हो गईं। उनका आरोप है कि लता पक्ष के लोग गाली-गलौज करते हैं। इसी बात पर बुधवार को झगड़ा हुआ। इसमें पूरन व अनीता घायल हो गए। इंस्पेक्टर देहलीगेट प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
.......
नगला किला में क्रिकेट खेलने के दौरान पथराव, चार घायल
जासं, अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र के नगला किला में मंगलवार शाम को क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि मारपीट के बाद पथराव हो गया। दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है। पांच आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
नगला किला निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बच्चे वह क्रिकेट खेल रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के कुछ लोग आकर जबर्दस्ती खेलने लगे। आरोप है कि दूसरा पक्ष रनों को लेकर बेईमानी करने लगा। विरोध करने पर आरोपित पक्ष ने गाली-गलौज कर दी। फिर मारपीट व पथराव कर दिया। दूसरे पक्ष का भी यही आरोप है कि क्रिकेट खेलने के दौरान कहासुनी हुई। इसमें दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ। चार लोगों की चोट आई। पुलिस के पहुंचने तक मामला शांत हो गया। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने एक तरफ से अहसान, रोहित, अलिया, महताब, आबिद व तीन अज्ञात, दूसरी तरफ से भारत, अतुल, गौरव, प्रदीप व अज्ञात के खिलाफ मारपीट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।