दीपावली पर सूरन की मांग सभी सब्जियों से अधिक होती है, आप भी जानें इसकी वजह
वर्ष में एक बार सूरन की मांग काफी बढ़ जाती है। दीपावली पर्व पर सूरन की सब्जी बनाने की पुरानी परंपरा रही है। आज भी अधिकांश लोग इस परंपरा का निर्वहन करते हुए सूरन की सब्जी दीपावली पर जरूर बनाते हैं। ऐसे में सूरन की मांग भी बढ़ गई है।

प्रयागराज, जेएनएन। यूं तो वर्ष भर सूरन की मांग कुछ ही इसके शौकीनों में रहती है लेकिन दीपावली में तो हर घर में इसे खरीदने की होड़ मची रहती है। इस बार भी दीपावली पर्व पर सूरन की मांग बढ़ गई है। मांग बढ़े भी क्यों न, दीपावली पर सूरन की सब्जी बनाने की प्राचीन काल से परंपरा चली आ रही है। दादी, नानी से इस परंपरा का निर्वहन आज भी घरों की महिलाएं कर रही हैं। शायद यही कारण है कि दीपावली पर्व पर सूरन की मांग अन्य सब्जियों से अधिक रहती है।
मांग अधिक होने से सूरन का बढ़ा दाम
लोग एक-दूसरे से कहते भी हैं कि दीपावली पर सूरन की सब्जी नहीं खाई तो मानो कुछ नहीं खाया। कहा तो यहां तक जाता है यानी किवदंती है कि अगर दीपावली में सूरन की सब्जी नही खाई तो अगले जन्म में छछुंदर बनोगे। फिलहाल दीपावली में मांग अधिक होने के कारण सूरन का दाम भी बढ़ गया है।
औषधीय तत्वों से भरपूर है सूरन
आइए जानते हैं सूरन के बारे में। सूरन की खेती जमीन के अंदर होती है। सूरन स्वास्थ्य के लिए काफी लाभप्रद माना जाता है। इसमें कई प्रकार के औषधीय तत्व भी पाए जाते हैं। कम मेहनत ओर लागत में सूरन की खेती से किसानों को अच्छा मुनाफा भी होता है। इसका कारण भी है। सूरन की खेती में अधिक समय नहीं लगता। मार्च और अप्रैल में सूरन की बोवाई की जाती है। सिर्फ पांच या छह माह में ही इसकी खेती तैयार हो जाती है। अक्टूबर महीने की शुरूआत में किसान सूरन की खोदाई करते हैं। सूरन की खेती के एक और फायदा है। वह यह कि सूरन के सूखने और खराब होने का भी किसानों को चिंता नहीं रहती है।
सूरन की ऐसे बनती है स्वादिष्ट सब्जी
सूरन की सब्जी बेहद स्वादिष्ट होती है। सूरन की सब्जी बनाना भी बेहद आसान है। सबसे पहले सूरन को छील लें। इसके बाद इसके पतले-पतले टुकड़े काट लें। फिर इसे कुकर में डालकर थोड़ी देर तक पका लें। इसके बाद जैसे अन्य सब्जी बनती है, उसी तरह इसे भी पका लें। कड़ाही में मसाला डालकर सूरन की लजीज सब्जी बना लें। सब्जी पकने के बाद खाकर आप इसके स्वादिष्ट होने का जरूर प्रमाण देंगे। आपके मुंह से निकलेगा वाह क्या स्वाद है।
बीमारियों को दूर करने में सहायक है सूरन
आपको पता है कि सूरन कई गंभीर रोगों के लिए रामबाण है। इसका प्रयोग बीमारियों में काफी फायदेमंद है। पाचन शक्ति बढ़ाने, वजन कम करने, डायबिटीज और यहां तक कि कैंसर आदि बीमारियों में भी सूरन का प्रयोग किया जाता है। चिकित्सक भी सूरन के फायदे बताते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।