Amethi Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो श्रमिकों की मौत, अनाथ हो गए बच्चे
अमेठी में एक दर्दनाक हादसे में, मजदूरी कर लौट रहे दो श्रमिकों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मृतकों की पहचान फूलचंद और राजकुमार के रूप में हुई है, जिनके परिवार में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से मृतकों के बच्चे अनाथ हो गए हैं।

जागरण संवाददाता, अमेठी। मजदूरी कर वापस घर लौट रहे बाइक सवार श्रमिकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में दोनों श्रमिकों की मौत हो गई है। वहीं अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करते हुए अज्ञात वाहन को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।
गौरीगंज के पूरे मिश्रान मजरे मऊ निवासी फूलचंद व राजकुमार परिवारजन के पालन-पोषण के लिए मेहनत मजदूरी करते थे। दोनों श्रमिक मंगलवार को दुर्गन धाम के पास से मजदूरी कर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। वह गौरीगंज-जामो मार्ग पर बासू पुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में फूलचंद की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल राजकुमार को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजवाया। जहां पर चिकित्सक ने राजकुमार को भी मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारजन में कोहराम मच गया। मृतक राजकुमार के पुत्र मुकेश की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की। कोतवाल श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अज्ञात वाहन को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अनाथ हो गए बच्चे
राजकुमार को दो पुत्र मुकेश व आदर्श तथा पुत्री सोनी व शिवांशी हैं। वहीं फूलचंद को तीन वर्ष की पुत्री प्राची व छह माह की पुत्री महक हैं। पिता की मौत से दोनों अनजान हैं। दोनों मृतकों के बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। राजकुमार की पत्नी सुनीता व फूलचंद की पत्नी आरती दहाड़े मार कर रो रही थी। ग्रामीण दोनों के परिवारजन को ढांढस बंधा रहे हैं। वहीं शोक संवेदना व्यक्त करने वाले लोगों की भीड़ दोनों के घर पूरे दिन लगी रही।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।