Amethi News: युवती ने किया था प्रेम विवाह, चार दिन बाद नदी में मिला शव
अमेठी के बाजार शुकुल में गोमती नदी में एक युवती का शव मिला है जिसने चार दिन पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन असफल रहा। युवती के नदी तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवादसूत्र, जागरण, बाजारशुकुल, (अमेठी)। चार दिन पहले प्रेम विवाह करने वाली युवती का शव गोमती में मिला है। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाल विधिक कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी के बाद परिवारजन में कोहराम मच गया। युवती नदी तक कब और कैसे पहुंची, इस बात की जानकारी किसी के पास नहीं है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मकदूमपुर के बहदिल मऊ गांव निवासी 19 वर्षीय आस्था ने चार दिन पहले गांव के रवींद्र निषाद के साथ प्रेम विवाह किया था। मांग में सिंदूर भरे अभी चार दिन ही बीते थे कि सोमवार की सुबह उसकी नदी में डूबकर मौत हो गई।
पड़ोसी गांव तिवारी का पुरवा निवासी सुरजीत की मानें तो सोमवार की सुबह गोमती नदी के पास शौच के लिए गए थे, इसी दौरान नदी में बचा लो... बचा लो... की आवाज सुनाई दी। नदी के समीप जाकर देखा युवती नदी में डूब रही थी। उसने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
भाग कर गांव पहुंच घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी। ग्रामीण तुरंत नदी किनारे पहुंच गए। तब तक युवती नदी में डूब चुकी थी। पुलिस के पहुंचने पर गोताखोर युवती की तलाश में जुटे। कड़ी मशक्कत के बाद शव नदी से बरामद हुआ। युवती नदी किनारे कब और किन परिस्थितियों में पहुंची।
यह जानकारी किसी को नहीं है। घटना में परिवारजन की तरफ से अब तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार बताते हैं कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।