पत्नी के कृत्यों से ऊबकर पति ने काटी थी पत्नी की नाक, खुद विवाद कर बुलाती थी पुलिस
अमेठी में पत्नी के गलत व्यवहार से तंग आकर पति ने उसकी नाक काट दी। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पड़ोसियों के अनुसार, पत्नी अक्सर झगड़ा करती और पुलिस बुलाती थी, और उसने कई बार आत्महत्या का प्रयास किया था। सोमवार को पत्नी के जेवर लेकर मायके जाने पर पति ने उसे रोका, विवाद हुआ, और पति ने गुस्से में उसकी नाक काट ली। घायल पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
-1763554049274.webp)
जागरण संवाददाता, अमेठी। पत्नी के कृत्यों से ऊबकर पति ने पत्नी की नाक काटी थी। आरोपित पति को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है। परिवारजन के साथ आस पास के लोगों का कहना है कि पत्नी खुद विवाद कर पुलिस बुलाती थी। इतना ही नहीं कई बार वह गले में रस्सी का फंदा डाल कर खुदकुशी का प्रयास भी कर चुकी है।
सोमवार की शाम करीब चार बजे क्षेत्र के पूरे लदई गांव निवासी राजेंद्र साहू खेत में काम कर रहे थे, तभी उनके पिता परशुराम ने फोन से जानकारी दी कि उसकी पत्नी सुनीता अपनी तीन पुत्रियों को छोड़कर घर में रखे जेवरात लेकर मायके जा रही है। इतना सुनते ही वह खेत से भागकर आया और गांव के बाहर स्थित अरही नाले पर पत्नी को पकड़ लिया।
बताते हैं कि उसने पत्नी को खूब समझाया, लेकिन वह एक न मानी। पति जब उसे घर ले जाने की जिद करने लगा तो पत्नी हाथापाई करने लगी। फिर क्या था दोनों में जमकर विवाद हुआ। अंत में पति ने क्रोध में आकर पत्नी की नाक ही दांत से काट ली। रायबरेली के एम्स अस्पताल में सुनीता का इलाज चल रहा है।
नया नहीं है पति पत्नी का विवाद
गांव निवासी राजेंद्र व सुनीता के बीच दांत से नाक काटने तक पहुंचा विवाद नया नहीं है। पिता के अनुसार 10 वर्ष पहले दोनों का विवाह हुआ था। दो वर्ष भी नहीं बीते थे कि सुनीता ने पति से विवाद करना शुरू कर दिया। वह बगैर किसी को बताए मायके चली जाती और जब उसकी इच्छा होती वापस आ जाती।
खुदकुशी का दोनों कर चुके प्रयास
बताते हैं कि सुनीता ने कई बार गले में रस्सी का फंदा डालकर खुदकुशी करने का प्रयास किया और पुलिस बुलाकर राजेंद्र को प्रताड़ित भी कराया। इतना ही नहीं पत्नी के कारनामों से परेशान होकर राजेंद्र खुद भी गले में फांसी का फंदा डाल मौत को गले लगाने का प्रयास किया था, लेकिन आस-पास के लोगों ने उसे बचा लिया था।
दंपति को हैं तीन पुत्रियां
राजेंद्र व सुनीता को बीरा सात वर्ष, परी पांच वर्ष व लड्डू छह माह की तीन पुत्रियां हैं। जिनके पालन पोषण का जिम्मा अब राजेंद्र के बूढ़े पिता के कंधों पर आ गया है। बहू के घायल होने और पुत्र के जेल जाने से व्यथित पिता ने बताया कि इन बच्चियों का वह बचपन से ही लालन पालन कर रहा हैं। क्योंकि जब लड्डू डेढ़ माह की थी तब सुनीता उसे छोड़कर मायके चली गई थी।
पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर राजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दांत से नाक काटने संबंधी बीएनएस की धाराओं में मुकदमा लिखा गया है, मामले की जांच की जा रही है।
-विवेक वर्मा, थानाध्यक्ष बाजारशुकुल

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।