सड़क हादसे में घायल तेंदुआ की उपचार के दौरान मौत, पेट और शरीर के पिछले हिस्से में लगी थी गंभीर चोट
अमरोहा में एक सड़क हादसे में घायल तेंदुआ की उपचार के दौरान मौत हो गई। तेंदुआ रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव झनकपुरी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया था जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। वन विभाग की टीम ने उसका इलाज किया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पोस्टमार्टम के बाद तेंदुए के शव को जला दिया गया।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। हाईवे पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हुए तेंदुआ की जटी वन में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद टीम ने शव को परिसर में ही नियमानुसार जला दिया।
तेंदुआ के शरीर के पिछले हिस्से और पेट में अधिक चोट लगी थी। पेट में रक्तस्राव भी हो गया था। दो दिन पहले रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अटेरना में ग्रामीणों ने तेंदुआ देखा था। गांव के बाहर पुलिया पर बैठे हुए उसकी वीडियो भी प्रसारित हुई थी।
मंगलवार देर रात रजबपुर थाना क्षेत्र में गांव झनकपुरी के पास सड़क पार करते समय तेंदुआ अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। बुधवार तड़के राहगीरों ने हाईवे किनारे घायल अवस्था में तेंदुआ को पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने वन विभाग की टीम को बुला लिया। घायल तेंदुआ को फौरन जटी वन स्थित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय लाया गया। जहां पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने उसका उपचार किया। लेकिन दोपहर बाद लगभग चार बजे तेंदुआ की मौत हो गई।
उसके बाद यहीं पर तेंदुआ के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। तीन सदस्य टीम ने उसका पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में तेंदुआ के शरीर के पिछले हिस्से और पेट में अंदरूनी चोट लगने से अधिक रक्तस्राव होने के कारण मौत की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम के बाद कर्मचारियों ने जटी वन परिसर में ही शव को जला दिया।
रात में किसी वाहन की टक्कर से हाईवे पर तेंदुआ घायल हुआ था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंदरूनी चोट लगने की पुष्टि हुई है। शव को नियमानुसार जला दिया है।
- विनीता सिंह, डीएफओ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।