अयोध्या दीपोत्सव में आए दर्शनार्थियों को मंदिर ट्रस्ट बांटेगा प्रसाद, 26 लाख दीपों से जगमग होगी रामनगरी
अयोध्या में इस बार दीपोत्सव का आयोजन भव्यता से होगा। मंदिर ट्रस्ट दर्शनार्थियों और कर्मचारियों को प्रसाद बांटेगा। इस साल रामनगरी 26 लाख दीपों से जगमगाएगी। दीपोत्सव की तैयारी ज़ोरों पर है और राम मंदिर ट्रस्ट कई कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। यह दीपोत्सव एक नया रिकॉर्ड बनाएगा और रामनगरी की सुंदरता में चार चाँद लगाएगा।

दीपोत्सव में आए दर्शनार्थियों और कर्मियों को मंदिर ट्रस्ट बांटेगा प्रसाद।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव के नौवें संस्करण में राम की पैड़ी व सरयू घाटों पर 26 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित होंगे तो रामलला के धाम को भी एक लाख से अधिक दीयों, झालरों व फूलों से जगमगाने की तैयारी है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इस वर्ष के दीपोत्सव में दर्शनार्थियों के साथ मंदिर ट्रस्ट, कार्यदायी एजेंसियों व सुरक्षा कर्मियों को प्रसाद भी वितरित करेगा। यह नियमित बंटने वाले इलायची दाने के अतिरिक्त होगा।
रामलला, राजाराम व सभी देवी-देवताओं के गर्भगृह में देसी घी के दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। राम मंदिर, पूरक मंदिरों व परकोटे के प्रवेश द्वारों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई जाएंगी, जो भगवान राम से जुड़े प्रसंगों पर आधारित होंगी।
गत वर्ष के दीपोत्सव में राम मंदिर के साथ निर्माणाधीन परकोटे को दीपों की मालाओं ने अलौकिक स्वरूप प्रदान किया था तो इस बार रामलला के धाम के अलावा अन्य प्रकल्पों पर भी दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। राम मंदिर के तीनों तलों पर तो दीये जलेंगे ही, परकोटे के मध्य निर्मित छह देवी-देवताओं, शेषावतार व सप्तर्षियों के मंदिरों पर भी दीये रोशनी बिखेरेंगे।
दीपोत्सव के दिन दर्शन करने पहुंचे दर्शनार्थियों को रामजन्मभूमि पथ से ही दीयों की आभा आकर्षित करेगी। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर स्वयंसेवकों की टोली रंगोलियां निर्मित करेगी। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दीपोत्सव की तैयारी प्रारंभ कर दी है।
ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि पूरा परिसर अभी खाली नहीं होने से दीयों की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है। इस बार सात पूरक मंदिरों व राम दरबार में भी प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है, इसलिए गत वर्ष से कुछ अधिक दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।
पूरे रामजन्मभूमि परिसर की बिजली की झालरों और प्राकृतिक व कृत्रिम फूलों से विशेष साज-सज्जा कराई जाएगी। इस बार परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के साथ दर्शनार्थियों को विशेष प्रसाद भी बांटा जाएगा। यह प्रसाद घी के लड्डू भी हो सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।