Ayodhya News: जानवरों के लिए लगाई झटका मशीन से घटी घटना, करंट लगने से किसान की दर्दनाक मौत
अयोध्या के रसूलपुर गांव में एक दुखद घटना घटी। फसल की रखवाली कर रहे किसान रामसूरत यादव की खेत में लगी झटका मशीन से करंट लगने से मौत हो गई। उनके पास ही एक नीलगाय का शव भी मिला। आशंका है कि दोनों की मौत करंट लगने से हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

संवाद सूत्र, मवई (अयोध्या)। फसल को जानवरों से बचाने के लिए लगाई गई झटका मशीन इंसानों के लिए खतरा बनने लगी है। झटका मशीन के तारों में दौड़ रहे करंट ने एक किसान की जान ले ली। यह घटना रसूलपुर गांव की है, जहां फसल की रखवाली करने गए एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई।
किसान के शव के बगल में ही एक नीलगाय का भी शव मिला है। यह घटना खेतों की सुरक्षा के लिए लगाई जाने वाली झटका मशीन को लेकर सचेत रहने की ओर भी इशारा करती है।
इस घटना को विस्तार से जानते हैं। ग्राम रसूलपुर निवासी नीरज गुप्त के खेत को रानीमऊ निवासी शाहिद ठेके पर लेकर केले की खेती कराते हैं। छुट्टा जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए खेत में झटका मशीन लगाई गई है, जिसके तार खेत के चारों ओर दौड़ाए गए हैं।
इस खेत की रखवाली की जिम्मेदारी स्थानीय किसान रामसूरत यादव को सौंपी गई थी। रविवार की शाम को रामसूरत फसल की रखवाली करने खेत पर गए थे। सोमवार की सुबह उनका शव खेत में लगे तार के समीप मिला। उनके शव के बगल ही एक नीलगाय का भी शव था।
ग्रामीणों को आशंका है कि खेत में लगी झटका मशीन के तार की चपेट में आकर दोनों की मौत हुई है। हादसे के बाद किसान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलन किया। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।