राम मंदिर में दीप पर्व पर उमड़ी भक्तों की भीड़, साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया रामलला का दर्शन
अयोध्या में दीप पर्व के चार दिनों में साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। लगभग साढ़े पांच हजार भक्तों ने पास के माध्यम से राम दरबार का भी दर्शन किया। 19 अक्टूबर को 80 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि दीपावली के दिन 76 हजार से अधिक दर्शनार्थी आए। 21 अक्टूबर को 95 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीप पर्व के चार दिनों में लगभग साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने राम मंदिर पहुंच कर रामलला का दर्शन किया है। इनमें से लगभग साढ़े पांच हजार भक्तों ने पास के माध्यम से राम दरबार का भी दर्शन किया है।
रामनगरी में जिस दिन दीपोत्सव के नौवें संस्करण का आयोजन हो रहा था, उस दिन 19 अक्टूबर को 80 हजार 765 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे तो दीपावली के दिन 20 अक्टूबर को कुल 76 हजार 980 दर्शनार्थी पहुंचे। इसके अगले दिन 21 अक्टूबर को दिन भर में 95 हजार 430 श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया।
वहीं, बुधवार को शाम सात बजे तक लगभग 80 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिया था। 19 अक्टूबर को राम मंदिर में भी दीपोत्सव मनाया जा रहा था और दिन भर विशिष्ट अतिथियों का आगमन भी होता रहा, परंतु दर्शन निर्बाध चलता रहा था।
शाम पांच बजे के आसपास जब मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीप प्रज्वलित करने पहुंचे थे, तब भी सामान्य दर्शनार्थी निर्बाध ढंग से दर्शन करने पहुंच रहे थे। इसके साथ परिसर में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों का भी आवागमन जारी रहा था।
अनुमान के अनुसार दीपावली के अगले दिन 21 अक्टूबर को दर्शनार्थियों की संख्या में कुछ बढ़ोतरी अवश्य हुई, परंतु यह सप्ताहांत के दिनों की संख्या के बराबर ही रही। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को निर्बाध ढंग से दर्शन कराने के लिए पूरी तैयारी की गई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।