'वाह साहब...जनता करे तो अपराध, आपके लिए सब माफ', यूपी पुलिस खुद ही तोड़ रही ट्रैफिक नियम
अयोध्या में पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने का मामला सामने आया है। जनता का कहना है कि अगर आम नागरिक नियम तोड़ता है तो वह अपराध है, लेकिन पुलिस के लिए सब माफ है। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि पुलिस खुद नियम तोड़ रही है और उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

पुलिस खुद ही तोड़ रही ट्रैफिक नियम।
संवाद सूत्र, अयोध्या। ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यातायात माह का आरंभ हो चुका है। कार्तिक मेला की व्यस्तता के बीच भी यातायात पुलिस ने इस अभियान को गति देना शुरू कर दिया है। यातायात नियम सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, जिसका पालन सभी को करना चाहिए। वह चाहे आम या विशेष व्यक्ति हो।
कुछ दिन पहले नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान शुरू किया गया था। बिना हेलमेट किसी को भी पेट्रोल नहीं मिलेगा, यह एलान हुआ था। अभियान ठंडा पड़ने के बाद सबकुछ पुराने ढर्रे पर लौट आया है। हेलमेट के उपयोग को लेकर लोग कितने सजग हैं।
यह जानने के लिए यातायात माह के दौरान दैनिक जागरण टीम ने शहर में भ्रमण किया, जो तस्वीर सामने आए और जनता की चेतना के साथ-साथ अनुपालन कराने वालों की सोच पर भी सवाल खड़ा करती है। इस पड़ताल में पुलिस का दोहरा चेहरा उजागर हुआ है।
चौक में जहां पुलिस वाहनों का चालान करती नजर आई, वहीं रिकाबगंज, चौक सहित कई स्थानों पर बिना हेलमेट के पुलिस वाले ही बाइक से रफ्तार भरते नजर आए। इन इसकी भी चिंता नहीं थी कि वर्दी में वह नियम तोड़ रहे हैं।
दैनिक जागरण के कैमरे में ऐसे कई तस्वीरें कैद हुई हैं, जो हेलमेट पहले के आदेश का मजाक उड़ाती दिखाई देती हैं। हेलमेट पहनना पुलिस कर्मी और आम जनता दोनों के लिए आवश्यक है, लेकिन अभियान के दौरान चालान का सामना सिर्फ जनता को करना पड़ता है।
मेला सुरक्षा के साथ यातायात नियमों को पढ़ाया जा रहा पाठ
यातायात पुलिस कार्तिक मेला की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को संभालने के साथ ही श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने में भी जुटी है। यातायात निरीक्षक अजय यादव ने बताया कि मेला क्षेत्र में यातायात जागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।
ताकि स्थानीय जनता के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोग भी यातायात नियमों के बारे में जान सकें। ट्रैफिक नियमों को मानना सभी के लिए हितकर है। यह सभी की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। इसका उल्लंघन दुर्घटनाओं को बढ़ावा देता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।