UP के इस जिले में बनेगा देश का पहला रामायण आधारित मोम संग्रहालय, 10 करोड़ से स्थापित होंगी 50 मूर्तियां
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भारत का पहला रामायण-आधारित मोम संग्रहालय स्थापित होगा। इसमें भगवान राम के जीवन से संबंधित 50 मोम की मूर्तियां होंगी। इस संग्रहालय का लक्ष्य अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा देना है, जिससे यह धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बन सके। कुशल कलाकारों द्वारा बनाई गई मूर्तियां कला और संस्कृति का अनूठा प्रदर्शन करेंगी।

आनंदमोहन, अयोध्या: रामायण आधारित देश का पहला मोम संग्रहालय (वैक्स म्यूजियम) रामनगरी में तैयार हो गया है। दीपोत्सव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से म्यूजियम का लोकार्पण कराने की तैयारी है। सीएम के कार्यक्रम के दृष्टिगत प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करना है। दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 19 अक्टूबर को है। म्यूजियम पर नगर निगम का स्वामित्व होगा।
केरल की सुनील वैक्स म्यूजियम कंपनी ने इसे तैयार किया है। सुनील कुमार उसके प्रमुख हैं। कंपनी का पहला वैक्स म्यूजियम त्रिवेंद्रम-केरल में व दूसरा मुंबई में है। दोनों सेलिब्रिटी आधारित हैं। सुनील के अनुसार अयोध्या में देश का ऐसा पहला वैक्स म्यूजियम है जो रामायण पर आधारित है। भगवान श्रीराम के बाल्यकाल से लेकर लंका में रावण युद्ध तक की याद दिलाने वाली मोम की आकृतियां संग्रहालय में होंगी।
रावण की भी होंगी मूर्तियां
रावण की भी दो मूर्तियां होंगी। एक साधना निष्ठ तो दूसरी भगवान राम से युद्ध की। भगवान राम के परिवार, पिता दशरथ व रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि, हनुमान व सुषेण वैद्य आदि की मूर्तियों को मिला कर यह संख्या लगभग 50 तक पहुंच जाएंगी। ये मूर्तियां मुंबई से आ चुकी हैं। संग्रहालय में उन्हें स्थापित किया जा रहा ह। नगर निगम इसका संचालन मूर्तयों का निर्माण करने वाली कंपनी से कराएगा।
संग्रहालय के लिए 20 वर्षों के लिए भूमि नगर निगम ने ही उपलब्ध करायी है। लीज अवधि में रखरखाव आदि की जिम्मेदारी कंपनी की ही होगी। दर्शकों के लिए शुल्क नगर निगम को तय करना है। आय का 88 प्रतिशत कंपनी लेगी एवं 12 प्रतिशत नगर निगम को मिलेगा। करीब 10 करोड़ की वैक्स म्यूजियम में संपूर्ण निवेश कंपनी का है।
सेलिब्रिटी भी होंगे वैक्स म्यूजियम में
रामायण वैक्स म्यूजियम में रामायण काल के पात्रों के अलावा अन्य की मूर्ति भी लगाने का प्रयास है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति के बाद ही संभव होगा। सेलिब्रिटी में महात्मा गांधी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, श्रीश्रीश्री रविशंकर व केरल के श्रीनारायण गुरु समेत अन्य कई नाम हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।