भैंस लेकर बाजार में पहुंची 11 साल की लड़की तो लग गई लोगों की भीड़, सच्चाई जानकर पुलिस भी रह गई हैरान
बदायूं के कौल्हाई बाजार में एक 11 साल की बच्ची चोरी की भैंस बेचने आई। कम कीमत बताने पर लोगों को शक हुआ और पुलिस को खबर की। जांच में पता चला कि भैंस दो दिन पहले समसपुर गांव से चोरी हुई थी। पुलिस ने भैंस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, बदायूं। कौल्हाई की साप्ताहिक बाजार में बुधवार को एक 11 साल की बालिका चोरी की भैंस से लेकर बेचने पहुंची। आसपास के लोगों ने शक होने पर पुलिस को सूचना दे दी, जिससे मौके पर पहुंची पुलिस ने भैंज को कब्जे में ले लिया और उसकी छानबीन शुरू कर दी।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कौल्हाई में हर बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। इसमें नखासा बाजार भी लगता है। यहां दूर दराज से लोग भैंस व अन्य जानवर खरीदने आते हैं। बताया जा रहा है कि साप्ताहिक बाजार में एक 11 साल की बालिका भैंस को लेकर बाजार में आई। पहले तो लोग उसे देखकर हैरान रह गए कि आखिर यह 11 साल की बालिका भैंस की बिक्री कैसे करेगी, लेकिन जब उससे भैंस के दाम पूछे तो उसने केवल 15 हजार रुपये बताए, जिससे लोगों को उस पर शक हुआ तो उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दे दी, जिससे थाने की पुलिस भी बाजार में पहुंच गई।
तब तक वहां बालिका को देखकर काफी भीड़ लग गई। लोगों ने बताया कि भैंस की कीमत करीब 50 हजार थी, लेकिन वह केवल 15 हजार रुपये मांग रही थी। इससे उसपर शक हुआ। जब पुलिस ने बालिका से पूछताछ की तो पहले उसने अपना नाम पता गलत बताया। बाद में वह मान गई कि वह स्थानीय गांव की रहने वाली है और कुछ लोगों ने उसे भैंस को बेचने के लिए कहा था, जिससे वह भैंस लेकर बाजार में आ गई।
पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि यह भैंस समसपुर गांव के कुन्नू बाबू की है, जो अभी दो दिन पहले चोरी हो गई थी। सूचना पर वो भी बाजार पहुंच गए। बाद में पुलिस भैंस मालिक और बालिका को लेकर थाने चली गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और भैंस चोरों का पता लगा रही है।इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।