बदायूं में बुखार से युवती सहित तीन लोगों की मौत, गांव में एक दर्जन से अधिक बीमार
बदायूं के कुंवरगांव में दस घंटे में तीन बुखार पीड़ितों की मौत से दहशत फैल गई है। स्वास्थ्य विभाग बुखार के प्रकोप से इनकार कर रहा है पर गांव में एक दर्जन लोग बुखार से पीड़ित हैं। मृतकों में एक किशोरी भी शामिल है जिनका इलाज वजीरगंज में चल रहा था। सीएमओ ने जांच और उपचार का आश्वासन दिया है।

संवाद सूत्र, कुंवरगांव। मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों का प्रकोप जिले में फैलने लगा है। आठ से दस गांव के लोग बुखार की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विभाग बुखार का प्रकोप फैलने से मना कर रहा है। जबकि हकीकत कुछ और ही है। सोमवार की सुबह से लेकर रात तक गांव कल्लिया काजमपुर में किशोरी सहित तीन व्यक्तियों की मौत बुखार से हो गई। इससे गांव के लोग दहशत में आ गए। बताया गया गांव में एक दर्जन से करीब बुखार से पीडित लोग हैं। उनका उपचार क्लीनिक व नर्सिंग होम पर चल रहा है।
गांव कल्लिया काजमपुर निवासी प्रेम नारायण शर्मा ने बताया उनकी 18 वर्षी बेटी सुरभी को दो दिन से बुखार आ रहा था। गांव में दिखाने के बाद वजीरगंज ले गए थे। वहां उसका उपचार चल रहा था। खून की जांच भी की गई, लेकिन सोमवार की देर शाम को हालत बिगड़ गई। इससे उसकी मौत हो गई। सुरभि की मौत से स्वजन में चीत्कार मच गया। ग्रामीणों ने बताया गांव के ही निवासी 57 वर्षीय कल्लू को भी तीन दिन से बुखार का रहा था। गांव में ही क्लीनिक पर उपचार चल रहा था। सोमवार की शाम को हालत बिगड़ी। इस दौरान देर रात मौत हो गई।
इसके अलावा गांव निवासी 72 वर्षीय रूपन देवी की मौत भी बुखार से हुई है। इनको एक सप्ताह से बुखार आना बताया गया। ग्रामीणों ने बताया गांव में एक दर्जन लोग बुखार से पीडित हैं। गांव में बुखार से पीड़ित शिल्पी उम्र 17 वर्ष, 70 वर्षीय कांती देवी, बहोरन लाल, कुलदीप, रामभरोसे, लाल सिहं, रामसेवक, ऊषा देवी, सुषमा, संजू सहित अन्य लोग बुखार से पीडित हैं। ग्रामीणों ने बताया गांव में मलेरिया फैला हुआ है। कई बुखार पीडितों की जांच में मलेरिया निकला है।
मचलई में भी हो चुकी है एक महिला की मौत
बुखार का प्रकोप गांव मचलई सहित कमा, पड़ेली, बझेडा़, रुदेली, गुढेली, समरेर, जगत, किसरुआ, रुखड़ा,मैथरा सहित अन्स गांव में फैला हुआ है। मचलई गांव में बुखार से एक महिला की मौत भी हो चुकी है।
आंकड़ों पर नजर
पिछले तीन वर्षों में अगस्त माह के आंकड़े
256 मरीज वर्ष 2023 में मिले थे
378 मरीज वर्ष 2024 में मिले थे
431 मरीज वर्ष 2025 में अब तक मिले
ब्लॉकवार मरीजों की संख्या
समरेर - 60
जगत - 55
बिसौली - 45
दातागंज - 22
वजीरगंज सैदपुर : 32
आसफपुर : 19
सालारपुर : 14
मामला जानकारी में आया है। टीम भेजकर जांच कराई जा रही है। जो लोग पीड़ित है उनको उपचार दिया जाएगा। मृतकों का डेथ ऑडिट भी कराया जाएगा। - डॉ. रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।