Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बदायूं में पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने के बाद दो गिरफ्तार

    Updated: Sun, 23 Nov 2025 12:44 PM (IST)

    बदायूं के फैजगंज बेहटा इलाके में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस ने दो तस्करों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। तस्कर रामपुर जिले के रहने वाले हैं और पहले भी गोकुशी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से हथियार और मांस काटने के उपकरण बरामद किए हैं।

    Hero Image

    पुलिस गिरफ्त में पशु तस्कर।

    जागरण संवाददाता, बदायूं। पिसनहारी गांव में गोकुशी करने वाले तस्करों से शुक्रवार रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। इसके बावजूद तस्करों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस ने पैर में गोली मारकर दो तस्करों को दबोच लिया। उनके पास से तमंचा कारतूस और मांस काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। बाद में उनका नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया और दोपहर बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रामपुर जिले में शाहबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं पशु तस्कर


    शुक्रवार रात एसओ फैजगंज बेहटा राजकुमार सिंह अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। बताया जा रहा हे कि उसी दौरान अचानक मुखबिर की सूचना मिली कि अशोकपुर मीरपुर गांव को जाने वाले मार्ग पर कुछ तस्कर देखे गए हैं। इससे वह अपनी पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए।

    मुखबिर के बताए अनुसार तस्करों की घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक अशोकपुर मीरपुर जाने वाले मार्ग पर दो तस्कर मौजूद थे और वह गोकुशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। जैसे ही पुलिस उनके नजदीक पहुंची कि उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। तभी तस्करों ने पुलिस के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एसओ राजकुमार सिंह और दारोगा राजदीप सिंह बाल बाल बच गए जबकि हेड कांस्टेबल मुनाजिर अली घायल हो गए।

    पुलिस की फायरिंग में पैर में लगी गोली

    जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे दोनों तस्करों को पैर में गोली लग गई और वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गए। तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया और उनके पास से मौजूद तमंचा कब्जे में ले लिया। उन्होंने पूछताछ में अपने नाम रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव पस्तौर दौड़ निवासी मर्दान पुत्र रति खां और रिफाकत उर्फ नन्हे पुत्र मिंडू बताए। उनकी निशानदेही पर मांस काटने के उपकरण भी बरामद हुए हैं।

    घायल को अस्पताल में कराया भर्ती

    पुलिस उन्हें तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक दोनों तस्करों ने पिसनहारी गांव में गोकुशी की घटना को अंजाम दिया था और वह पशुओं की हत्या करके उनका मांस भरकर ले गए थे। तब से पुलिस उन्हें तलाश कर रही थी लेकिन रात फिर वह घटना को अंजाम देने आए, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।


    दोनों तस्कर रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। अभी दो दिन पहले उन्होंने पिसनहारी गांव में गोकुशी की घटना को अंजाम दिया था। रात वह फिर से तस्करी करने आए थे। तभी मुठभेड़ में पकड़े गए। दोनों को पैर में गोली लगी है। इसमें एक सिपाही घायल हुआ है और एसओ व दारोगा बाल बाल बच गए। - सुनील कुमार सिंह, सीओ बिसौली