बदायूं में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
बदायूं जिले में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरने के कारण एक किशोर की मौत हो गई। संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया, अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना से परिवार में शोक की लहर है।

संवाद सहयोगी, बिसौली। सोमवार रात यदु शुगर मिल में गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरकर एक किशोर की मौत हो गई। वह अपने बहनोई के साथ गन्ना लेकर चीनी मिल पहुंचा था और ट्रैक्टर ट्रॉली के ऊपर सो गया था। रात करीब 11 बजे अचानक नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही जान चली गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव जिनौरा निवासी 15 वर्षीय शिवा उर्फ शिवम पुत्र विनोद कुमार अपने पिता के साथ खेतीबाड़ी करवाता था। अभी वह दो दिन पहले ही अपने बहनोई मनोज के घर वजीरगंज के सोई गांव गया था। वह बहनोई के खेत में गन्ना की छिलाई चल रही थी।
स्वजन का कहना है कि सोमवार शाम शिवा अपने बहनोई मनोज के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लाद कर बिसौली की यदि शुगर मिल गया था और वहां जाकर ट्रैक्टर ट्रॉली के ऊपर जाकर सो गया था। रात करीब 11 बजे अचानक शिवा ट्राली के ऊपर से नीचे गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक उसके बहनोई को इसकी जानकारी हुई, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
वहां हादसे को देखकर तमाम लोगों के भीड़ जमा हो गई। बाद में सूचना पर उसके स्वजन और कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर के समय उसका पोस्टमार्टम कराया गया। स्वजन का कहना है कि शिवा पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। उसकी मृत्यु से परिवार वालों का बुरा हाल है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।