स्कूल का गेट खोलने को लेकर हुआ विवाद, शिक्षक दंपती पर महिला टीचर को पीटने का आरोप
एक स्कूल में गेट खोलने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक शिक्षक दंपती ने महिला टीचर के साथ मारपीट की। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

संवादसूत्र, आसफपुर। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के एक स्कूल की अध्यापिका ने अपने ही स्कूल में तैनात शिक्षक दंपती पर गाली गलौज, मारपीट व छेड़खानी का आरोप लगाया है। उसने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। सूचना पर पुलिस को भेजा गया था। मामले की जांच कराई जा रही है।
मामला थाना क्षेत्र के एक संवलियन स्कूल का है। बताया जा रहा है कि यहां तैनात प्रधानाध्यापिका के पति भी इसी स्कूल में अध्यापक हैं और दोनों एक साथ स्कूल आते हैं। विद्यालय में तैनात एक अन्य शिक्षिका का कहना है कि वह रोजाना की तरह 31 अक्टूबर को सुबह करीब 8:45 बजे स्कूल पहुंची थी लेकिन उस वक्त स्कूल नहीं खुला था। कई बच्चे स्कूल के गेट पर खड़े थे। यह देखकर उनके माता-पिता भी स्कूल के गेट पर पहुंच गए और स्कूल न खुलने की वजह से हंगामा करने लगे।
इस बात पर कर दी गाली-गलौज
सुबह करीब 9:30 बजे प्रधानाध्यापिका अपने शिक्षक पति के साथ स्कूली पहुंची तो उन्होंने प्रधानाध्यापिका से कहा कि वह स्कूल की चाबी दे दें, जिससे वह रोजाना स्कूल खोल दिया करेंगी और बच्चों को बाहर खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आरोप है कि इसी बात पर प्रधानाध्यापिका और उनके पति भड़क गए। उनके साथ गाली-गलौज कर दी। जब विरोध किया तो मारपीट करने लगे।
आरोप है कि शिक्षक ने कहा कि स्कूल की प्रधानाध्यापिका उसकी पत्नी है। वह अपनी मर्जी से स्कूल आएंगे। उन्हें बताया कि वह शिक्षक संघ के पदाधिकारी हैं। उसे नौकरी करना सिखा देंगे। इस शिक्षिका ने उन पर छेड़खानी का आरोप भी लगाया है।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में शिक्षिका ने प्रधानाध्यापिका और उनके पति के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसओ रामकुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस को भेजा गया था। छेड़खानी का आरोप गलत है। दोनों पक्षों में गालीगलौज हो गई थी। इसमें जांच के अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।