दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर बीएस बस्सी के सिक्योरिटी गार्ड की हादसे में मौत, शनिवार रात घर लौटते समय हुआ हादसा
दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर बीएस बस्सी के सुरक्षाकर्मी अवनीश सिंह यादव की ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपनी कार का टायर बदल रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और गांव में शोक की लहर है।

दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर बीएस बस्सी के सिक्योरिटी गार्ड की हादसे में मौत। (प्रतीकात्मक फोटो)
संवाद सूत्र, जागरण चांदीनगर (बागपत)। यूपीएससी के पूर्व सदस्य एवं दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर बीएस बस्सी के सिक्योरिटी गार्ड एवं एएसआइ अवनीश सिंह यादव की ईस्टर्न पेरीफेरल-एक्सप्रेस-वे पर ग्राम लहचौड़ा के निकट वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। वह उस समय कार का टायर बदल रहे थे।
ग्राम बाखरपुर बालैनी के मूल निवासी 41 वर्षीय अवनीश सिंह यादव पुत्र जसवंत सिंह यादव दिल्ली पुलिस में एएसआइ थे। उनकी ड्यूटी यूपीएससी के पूर्व सदस्य बीएस बस्सी की सुरक्षा में लगी थी। उनका परिवार दिल्ली के बुराड़ी के कौशिक एनक्लेव में रहता है। वह शनिवार रात अपनी पत्नी गोल्डी यादव और दो बेटे 20 वर्षीय हर्ष यादव व 17 वर्षीय लक्ष्य यादव के साथ स्विफ्ट कार से अपने गांव जा रहे थे।
ईपीई पर ग्राम लहचौड़ा और सिंगौली तगा के बीच में पहुंचने पर अचानक उनकी कार में पंचर हो गया था। अवनीश यादव कार की डिग्गी से दूसरा टायर निकालकर बदलने लगे थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हुए। स्वजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उनकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर अवनीश यादव के शव को कब्जे में लिया। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद अवनीश के शव को पीड़ितस्वजन पैतृक गांव लेकर गए, जहां पर गमगीन माहौल में अंत्येष्टि की गई। उधर चांदीनगर थाना प्रभारी अतर सिंह का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से अवनीश यादव की मौत हुई है। पीड़ित स्वजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन का पता लगाकर उसके चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
गांव में छाया शोक : घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पीड़ित स्वजन को सांत्वना देने वालों का घर पर तांता लगा है। अवनीश यादव के साथी पुलिसकर्मी भी पहुंचे। गांव में शोक छाया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।