सांप ने डसा... और युवक की आवाज चली गई
एक युवक को सांप ने काट लिया, जिसके बाद उसकी आवाज चली गई। यह दुर्लभ घटना चिकित्सा विशेषज्ञों के लिए एक रहस्य बन गई है। डॉक्टर युवक की आवाज वापस लाने के लिए प्रयासरत हैं और मामले की जांच कर रहे हैं। सांप के जहर का तंत्रिका तंत्र पर प्रभाव का अध्ययन किया जा रहा है।

सर्पदंश का शिकार नंगला निवासी रोहित कुमार। जागरण
जागरण संवाददाता, बागपत। सांप के डसने से एक युवक की आवाज चली गई। स्वजन ने झाड़-फूंक कराने में महत्वपूर्ण समय गवां दिया। जिला अस्पताल में युवक को एंटी स्नेक वेनम के नौ इंजेक्शन लगाने के बाद मेडिकल कालेज मेरठ के लिए रेफर किया।
ग्राम नंगला निवासी भोपाल का बेटा रोहित रविवार को घर में हैंडपंप पर बाल्टी में पानी भर रहा था। इसी दौरान उसकी हाथ की उंगली में सांप ने डस लिया था। इस दौरान सांप पाइप में घुस गया था, जिसे निकालते समय दोबारा भी सांप ने उसे काट लिया था। स्वजन रोहित को शबगा गांव में झाड़ फूंक करने वाले व्यक्ति के पास लेकर गए। उसकी हालत में सुधार होने के बजाए और बिगड़ गई। उसकी आवाज चली गई। इसके बाद पीड़ित स्वजन के होश उड़ गए।
सोमवार को स्वजन बड़ौत के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के रेफर करने पर जिला अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने रोहित का चेकअप करने के बाद जानकारी दी कि सांप के काटने से नर्वस सिस्टम पर असर पड़ा है। इसी वजह से उसकी आवाज चली गई है। समय पर इलाज मिलने से आवाज पुन: आने की संभावना है। चिकित्सकों ने उसे एंटी स्नेक वेनम के नौ इंजेक्शन लगाए। सीएमएस डा. अनुराग वार्ष्णेय का कहना है कि सांप के काटने से युवक की आवाज चली गई। इलाज करने के बाद युवक को मेडिकल कालेज मेरठ के लिए रेफर किया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।