बहराइच में वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ नर तेंदुआ, कई दिनों से इलाके में बनी हुई थी दहशत
बहराइच में तेंदुए के आतंक से ग्रामीण परेशान थे। वन विभाग ने पिंजरा लगाकर एक नर तेंदुए को पकड़ा। तेंदुए को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बहराइच। कई दिनों से देहात कोतवाली इलाके में दहशत का पर्याय बने तेंदुए को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पिंजरे में कैद कर ही लिया। इलाके के कारीपुरवा में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ शिकार के चक्कर में फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों व वन विभाग ने राहत की सांस ली।
एक सप्ताह पूर्व फखरपुर थाना के उमरी दहलो निवासी शौच के लिए गई 59 वर्षीय शांती देवी को तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए आसपास के इलाके में पिंजरा लगाए। मूवमेंट के लिए थर्मो सेंसर कैमरे लगाकर कांबिंग शुरू की।
रविवार की देर शाम वह सोमवार की सुबह मरौचा के गुलाब सिंह पुरवा व लालपुरवा में एक बार फिर ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई पड़ा। उसे देखे जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई।
मंगलवार की भोर कारी पुरवा गांव के निकट लगे वन विभाग के पिंजरे में तेंदुआ शिकार के चक्कर में कैद हो गया। उसकी दहाड़ सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पकड़े गए तेंदुए को वनकर्मी रेंज कार्यालय ले गए।
रेंजर मोहम्मद साकिब ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ नर है, जिसकी उम्र तकरीबन तीन से चार वर्ष है। फिलहाल तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।