Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    बलिया में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान थानाध्यक्ष को पांच मीटर तक घसीटा, पसलियां टूटीं

    By Abhishek sharmaEdited By: Abhishek sharma
    Updated: Fri, 24 Oct 2025 12:33 PM (IST)

    बलिया के नगरा में लक्ष्मी पूजन के बाद प्रतिमा विसर्जन जुलूस में पहुंचे थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी डीजे ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्राली में फंसने से उनकी हंसुली और पसलियां टूट गईं। उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है और पुलिस ने दो डीजे ट्रालियों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

    Hero Image

    हादगरदन की हंसुली (कालर बोन) तथा दो से तीन पसलियां टूट गईं। 

    जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। कस्बे में लक्ष्मी पूजन के बाद प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मुस्लिम बस्ती में बज रहे तेज आवाज वाले डीजे की शिकायत पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी डीजे ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्राली के बीच फंस जाने से लगभग पांच मीटर तक घिसटते चले गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जब तक वाहन रुका, तब तक उनकी गरदन की हंसुली (कालर बोन) तथा दो से तीन पसलियां टूट गईं। घटना के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई। घायल थानाध्यक्ष को उपचार के लिए पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि यहां भी स्थिति गंभीर देख बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मौके से दो डीजे ट्रालियों को जब्त कर लिया गया है।

    जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी पूजन के बाद सभी प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस निकाला जा रहा था। अधिकांश जुलूस समाप्त हो चुका था, किंतु दो मूर्तियां लेकर जा रहे वाहन पर तेज आवाज में डीजे बजाजा जा रहा था। डीजे की तेज आवाज और नाच-गाने से परेशान बस्ती के लोगों ने थानाध्यक्ष को फोन कर शिकायत की। इसके बाद थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और युवाओं को डीजे बंद करने तथा वाहन आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

    इसी बीच वह संकरे मार्ग के पास से दीवार से सट कर निकल रहे थे, तभी डीजे ट्राली अचानक चल पड़ी। थानाध्यक्ष दीवार और ट्राली के बीच फंस गए और आगे तक घिसटते चले गए। वाहन रोकने के लिए आवाज देने के बावजूद भी डीजे की आवाज के बीच वाहन नहीं रुका। जब युवाओं ने थानाध्यक्ष को फंसे हुए देखा तो बाहर निकाला। मूलरूप से आंबेडकरनग के रहने वाले थानाध्यक्ष अजय की तैनाती लगभग डेढ़ माह पहले सितंबर में ही हुई थी।



    दो डीजे ट्रालियों को जब्त किया गया है। संबंधित वाहन चालकों व आयोजकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। घायल थानाध्यक्ष को लखनऊ वेदांता में भर्ती कराया गया है। पूजा समितियों को पहले से ही डीजे की सीमा और मानक ध्वनि स्तर का निर्देश दिया गया था। नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

    -

    आलोक कुमार गुप्ता, सीओ रसड़ा।