Barabanki News: पद्मश्री रामसरन के खेत पर जुटेंगे देश के कई हिस्सों के प्रगतिशील किसान, सीएम योगी करेंगे संवाद
बाराबंकी में पद्मश्री रामसरन वर्मा के खेत पर किसान सम्मेलन होगा जिसमें देशभर से प्रगतिशील किसान जुटेंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात में रामसरन वर्मा ने उन्हें जी नाइन केला भेंट किया और किसान सम्मेलन में आने का निमंत्रण दिया। सम्मेलन में किसान आधुनिक और परंपरागत खेती की जानकारी साझा करेंगे जिससे छोटे और मध्यम किसान आत्मनिर्भर बन सकें। रामसरन वर्मा ने आलू की 56 इंच विधि से रिकॉर्ड उत्पादन किया है।

संवाद सूत्र, बाराबंकी। पद्मश्री रामसरन वर्मा के खेत पर देशभर से प्रगतिशील किसान जुटेंगे। खेती की बात खेत पर होगी। इन कृषकों से छोटे, मंझोले किसान सफलता की कहानी सुनेंगे। बेहतर उत्पादन के गुर सीखेंगे। नवंबर में आयोजित होने वाले कृषक सम्मेलन को लेकर रामसरन वर्मा मुख्यमंत्री से मिले, उन्हें जी नाइन प्रजाति का केला भेंट किया। 15 मिनट की चर्चा में किसानों के हित पर बात हुई। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में आने का आश्वासन भी दिया है।
जैदपुर स्थित दौलतपुर के प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा आर्गेनिक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। फसल उत्पादन में उनका कोई तोड़ नहीं हैं, चाहे केला हो या टमाटर की पैदावार। मेंथा, आलू और खरबूज-तरबूज में इन्होंने उम्मीद से अधिक उत्पादन कर अपने रिकॉर्ड को ही तोड़ दिया है।
बिना रासायनिक खाद के फसलों का उत्पादन कोई इनसे पूछे। तमाम किसान, अधिकारी और विदेशी टीमें इनके प्रक्षेत्र में आते रहते हैं।
रामसरन वर्मा अब किसान सम्मेलन करने जा रहे हैं, ताकि मंझोले और छोटे किसानों को आत्मनिर्भर बना सकें। गुजरात, पंजाब, हरियाणा, बिहार, महाराष्ट्र सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कृषक आएंगे।
ये प्रगतिशील किसान अपने-अपने तरीके से किसानों को फसल पैदावार के लिए आधुनिक और परंपरागत खेती करने की जानकारी देंगे। इसको लेकर पद्मश्री रामसरन वर्मा शनिवार रात आठ बजे मुख्यमंत्री आवास पर योगी आदित्यनाथ से मिले। 15 मिनट तक खेती-किसान पर बात हुई।
रामसरन ने सीएम को केला सौंपा तो उन्होंने केले की प्रजाति के बारे में पूछा। रामसरन वर्मा ने बताया कि यह जी नाइन है, इसकी पैदावार बेहतर होती है।
सीएम ने रेट की जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि बाजार में केला की लंबाई पर रेट तय होता है। सबसे बेहतर केला 15 से 20 इंच तक माना जाता है, जो सबसे महंगा है।
इसके बाद सीएम ने आलू पर चर्चा की तो पद्मश्री ने अपनी नई विधि 56 इंच की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 56 इंच का बेड बनाकर चिप्सोना की खेती की थी, 200 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन हुआ है।
यह रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन है। 15 से 20 नवंबर के बीच होने वाले किसान सम्मेलन की जानकारी दी तो मुख्यमंत्री ने कहा कि आप तैयारी करें, वह जरूर आएंगे। किसानों से संवाद भी करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।