Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'अखिलेश अगर यदुवंशी तो...', दीये वाले बयान के रिएक्शन में मंत्री संजय निषाद ये क्या बोल गए?

    Updated: Fri, 24 Oct 2025 12:04 PM (IST)

    बरेली से, मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश यादव के दीये वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दीया बनाने वाले प्रजापति समाज के लोग ही देश की संस्कृति के रक्षक हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी आवाज उठाने का आग्रह किया। मंत्री ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया और पिछली सरकारों पर पिछड़ों के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने मत्स्य विभाग की योजनाओं की भी जानकारी दी।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, बरेली। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद ने गुरुवार को विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘दीये जलाने’ वाले विवादित बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बोले- जो मिट्टी का दीया बनाते हैं, वही इस देश की सभ्यता के असली रक्षक हैं, और उन्हीं के रोजगार पर विपक्ष सवाल उठा रहा है। सर्किट हाउस में हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने अखिलेश यादव पर जमकर तंज कसा। कहा कि ‘दीया बनाने वाला प्रजापति समाज है। वह गरीब इसलिए है क्योंकि अंग्रेजों से लड़ा था।

    हमारे पूर्वजों ने मिट्टी के दीये से न सिर्फ घर रोशन किए, बल्कि आजादी की मशाल भी जलाई। जो लोग दीपोत्सव का विरोध कर रहे हैं, उन्हें भारतीय संस्कृति का सम्मान करना चाहिए, न कि अपमान। कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर बोले, ‘अगर अखिलेश यादव खुद को यादव कहते हैं, कृष्ण के वंशज होने का दावा करते हैं तो मथुरा की जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी उन्हें आवाज उठानी चाहिए।’ कैबिनेट मंत्री ने बिहार चुनाव को लेकर विपक्ष के दावों को सिरे से खारिज किया।

    कहा- ‘हम त्रेतायुग से एनडीए के साथ हैं। भगवान राम और निषादराज की मित्रता हमारी विचारधारा की जड़ है। एनडीए सम्मान देता है, इसलिए हम उनके साथ हैं और रहेंगे।’ उन्होंने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘चार बार सरकारें बनीं, लेकिन पिछड़ों के नाम पर सिर्फ राजनीति हुई। न शिक्षा आयोग बना, न कोई ठोस कदम उठा।

    डबल इंजन सरकार ने पहली बार सबके विकास की दिशा तय की है।’ बोले, पीडीए के नाम पर वोट लिए जाते हैं, लेकिन सरकार में अगड़ों का राज होता है। जब मायावती आती हैं तो सतीश मिश्रा का राज रहता है। सपा सरकार में पहले अमर सिंह का राज रहा, अब माता प्रसाद पांडे की कंपनी काम करती है।

    उन्होंने कहा कि उप्र. में आज दंगे नहीं होते हैं, दंगाई घबरा रहे हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने मत्स्य विभाग की 107 परियोजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने मत्स्य विभाग की 107 परियोजनाओं के बारे में बताया, कहा 105 पूरी तरह शुरू हो चुकी हैं। तीन हजार से ज्यादा पोखरों को चिह्नित किया गया है, जिन पर अब निषाद समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है।

    कहा कि ‘अगर पोखर किसी दूसरे वर्ग को गलत तरीके से दिए गए हैं, तो उन्हें कैंसिल कराकर असली पात्रों को सौंपा जाएगा।’ मछुआरों को बिना गारंटी किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए तीन लाख रुपये तक का लोन चार प्रतिशत ब्याज दर पर मिल रहा है। इसके साथ ही उन्हें ट्रेनिंग और बीमा की भी सुविधा दी जा रही है।