राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात, मांगी यह सहूलियत
चंदौली जिले की राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने जिले के विकास के लिए कुछ अपेक्षाएं भी बताई हैं। योजनाओं की मांग के साथ जिले के विकास को लेकर उन्होंने जिले में रोजगार के लिए भी परियोजनाओं की अपेक्षा जताई है।

जागरण संवाददाता, चंदौली। राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में एक अत्याधुनिक एथेनाल/बायोफ्यूल प्लांट की स्थापना हेतु आवश्यक पहल एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।
दर्शना सिंह ने अवगत कराया कि चंदौली जनपद, जो उत्तर प्रदेश का एक आकांक्षी जिला (Aspirational District) है, कृषि उत्पादन के क्षेत्र में समृद्ध होने के बावजूद औद्योगिक और ऊर्जा संसाधनों के दृष्टिकोण से अभी भी अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है। कहा कि कृषि फसलों से उत्पन्न होने वाले अवशिष्ट पदार्थ भूसा, शीरा, भूसी, गोबर आदि वैज्ञानिक पद्धतियों द्वारा संसाधित किए जाएं तो ये न केवल हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख स्रोत बन सकते हैं, बल्कि पर्यावरणीय संरक्षण में भी उपयोगी सिद्ध होंगे।
बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एथेनाल मिलाने की नीति और विकसित भारत 2047 जैसे बड़े लक्ष्य बनाए हैं। इन योजनाओं को सफल बनाने के लिए चंदौली में एथेनाल और बायोफ्यूल बनाने वाला प्लांट लगाना जरूरी है। इस प्लांट में फसलों से बचा हुआ कचरा जैसे भूसा, गोबर आदि से एथेनाल और बायो-सीएनजी जैसे ईंधन बनाए जाएंगे। इससे किसानों को उनके अपशिष्ट (कचरे) का अच्छा दाम भी मिलेगा।
यह भी पढ़ें : राशन कोटा को लेकर बैठक हुई निरस्त तो भड़के ग्रामीण ग्राम प्रधान के खिलाफ हो गए खड़े
सरकार किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार ने किसान हितैषी नीतियों और योजनाओं को ज़मीन पर उतारने का कार्य किया है। एमएसपी में वृद्धि हो या किसान सम्मान निधि की नियमित किस्तें, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना हो या प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में उठाए गए कदम से सरकार ने हर स्तर पर किसानों के हित में निर्णायक भूमिका निभाई है। चंदौली में एथेनाल प्लांट की स्थापना भी इसी श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
यह भी पढ़ें : काशी में गंगा की बाढ़ में घाट के डूब गए ठाठ तो गली में होने लगी आरती, देखें वीडियो...
कहा कि इस परियोजना से चंदौली के किसानों को दोहरा लाभ प्राप्त होगा एक ओर फसल अपशिष्टों की बिक्री से अतिरिक्त आमदनी होगी तो दूसरी ओर जिले में कृषि-आधारित औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इसके साथ ही यह परियोजना पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण एवं सतत ऊर्जा उत्पादन संभव होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों के सशक्तीकरण, ग्रामीण नवाचार और आत्मनिर्भरता को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। चंदौली जैसे कृषि-प्रधान जनपद में एथेनाल प्लांट की स्थापना उन्हीं की दूरदर्शी नीतियों को साकार रूप देने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम होगा।
यह भी पढ़ें : Flood in Varanasi : बीएचयू ट्रामा सेंटर तक पहुंचा पानी, गलियों में चली नाव, पांच हजार लोग बाढ़ राहत शिविर पहुंचे
दर्शना सिंह ने बताया कि इस जनपद के लोगों की आजीविका का मुख्य साधन कृषि है तथा गेहूं व चावल यहां की प्रमुख फसलें हैं। यह क्षेत्र न केवल कृषि में अग्रणी है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से भी परिपूर्ण है। जनपद में ‘चन्द्रप्रभा वन्य जीव अभयारण्य’ स्थित है, जो जैविक संरक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके अतिरिक्त ‘देवदरी’ और ‘राजदरी’ नामक जल प्रपात पर्यावरणीय पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत आकर्षक स्थल हैं।
इस पहल से जहां एक ओर किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में यह एक मजबूत कदम सिद्ध होगा। यह चंदौली को कृषि आधारित उद्योगों का एक माडल जनपद बनाने की दिशा में निर्णायक प्रयास होगा। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद के प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए उसे सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।