देवरिया में बेटे के जन्मदिन की तैयारी में जुटी थी मां, सफाई के दौरान सांप के डसने से हुई मौत
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दुखद घटना घटी। एक महिला अपने बेटे के जन्मदिन की तैयारी कर रही थी। घर की सफाई करते समय उसे सांप ने डस लिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

बेटे के जन्मदिन की तैयारी में जुटी मां को सर्प ने डसा।
संवाद सूत्र, पथरदेवा। क्षेत्र के जोगीराहा गांव में बेटे के जन्मदिन की तैयारी कर रही एक मां की सर्पदंश से मौत हो गई। परिवार में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। गायत्री देवी 30 पत्नी दीनानाथ यादव शुक्रवार सुबह से ही अपने छोटे बेटे गिरिजेश के तीसरे जन्मदिन की तैयारी में जुटी थीं।
घर की साफ-सफाई और सजावट में व्यस्त गायत्री देवी को इसी दौरान घर के भीतर ही एक विषैले सर्प ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजन आशा नहीं छोड़ पाए और उन्हें कई जगह झाड़-फूंक के लिए भी ले गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः शनिवार को परिजनों ने बरहज घाट पर शव को नदी में प्रवाहित कर दिया।
मृतका के पीछे पति दीनानाथ यादव, जो गुजरात में नौकरी करते हैं और तीन छोटे बच्चे अमृता पांच वर्ष, गिरिजेश तीन वर्ष तथा किरण एक वर्ष रह गए हैं। परिवार के लिए यह जन्मदिन हमेशा दर्द की याद बन गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।