देवरिया में दीपावली के दिन करंट लगने से बुझ गया घर चिराग, मची चीख पुकार
दीपावली के दिन देवरिया के पचरुखिया गांव में एक हृदयविदारक घटना घटी। सचिन कुमार यादव नामक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। वह अपनी दादी को नहलाने के लिए मोटर का तार लगा रहा था, तभी तार पैर में चिपकने से उसे करंट लग गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में मातम छा गया, क्योंकि सचिन ही घर का इकलौता सहारा था।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, सोहनपुर/देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के पचरुखिया में एक युवक को करंट लगने से मौत हो गई। स्वजन के अनुसार, सचिन कुमार यादव उम्र 20 पुत्र छबिला यादव दीपावली के दिन सोमवार को करीब पांच बजे अपनी दादी को नहलाने के लिए मोटर का तार होल्डर में लगा रहा था, तभी एक तार निकल कर पैर में चिपक गया जिससे युवक करंट की चपेट में आ गया।
घायल अवस्था में परिजन नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा ले गये जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कालेज देवरिया के लिए रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृत्यु की सूचना पर परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट गया।
मृतक अपने परिवार का इकलौता चिराग था जिसके बुझ जाने पर परिवार में गम का माहौल हो गया। मृतक सचिन की तीन बहनों में रेनू यादव विवाहिता है और पूजा यादव, खुशी यादव अभी पढ़ाई कर रही हैं।पिता खेती किसानी करते हैं। माता सीता देवी बेसुध हो गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।