Eath Rain Update: 218 MM बारिश ने बिगाड़े शहर और गांव के हालात, जलभराव से लोग घरों में कैद
एटा जिले में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आगरा रोड पर जलभराव से लोगों को भारी परेशानी हो रही है कई वाहन पानी में बंद हो गए। निचले इलाकों में लोग घरों में फंस गए हैं। जैथरा क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर में बाढ़ जैसे हालात हैं। जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। बारिश से सब्जी की फसल को नुकसान हुआ है।

जागरण संवाददाता, एटा। एटा में अब तक 218 एमएम वर्षा हुई है। जलभराव से हालात और बिगड़ गए। शहर में आगरा रोड पर सबसे ज्यादा परेशानी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। सोमवार को रुक-रुककर दिनभर वर्षा होती रही। सुबह के समय लोगों को सड़कों पर निकलने में कठिनाई हुई।
दो दिन से तेज वर्षा हो रही है। शहर में आगरा रोड पर दो फीट से भी अधिक पानी भर गया। कई दुपहिया वाहनों के साइलेंसरों में पानी चला गया, जिसकी वजह से वे बंद हो गए। साइकिल सवारों को साइकिल उठाकर ले जानी पड़ी। नाले ओवरफ्लो होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी। दोपहर के समय थोड़ी देर के लिए जब वर्षा थमी तब थोड़ा पानी ही निकल पाया, मगर फिर से वर्षा होने लगी और जलभराव हो गया।
निचले इलाकों में भरा पानी
शहर के निचले इलाकों में अधिक कठिनाई आ रही है। महाराणा प्रताप नगर, मारहरा गेट, किदवई नगर, दिनेश नगर, अंधी मोड़, शांतिनगर व अन्य स्थानों पर जलभराव के कारण लोग फंस गए। तमाम लोग घरों से नहीं निकल पाए। महाराणा प्रताप नगर में गली काफी नीची है इस वजह से वहां अधिक जलभराव होता है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों काे उठानी पड़ रही है। वाहनों का निकलना दूभर हो गया है। यही स्थिति कस्बाई इलाकों में रही। जलेसर, निधौली कलां, अवागढ़, राजा का रामपुर, मारहरा, मिरहची, सकीट व अलीगंज, जैथरा, रिजोर, मलावन आदि क्षेत्रों में रही।
गांव में बाढ़ जैसा नजारा, धान की फसल को लाभ लेकिन सब्जी खराब
जैथरा क्षेत्र का गांव हरसिंहपुर में वर्षा का पानी अधिक भर गया। इस कारण वहां जनजीवन पर विपरीत असर पड़ा है। बच्चे, बुजुर्ग, पुरुष, महिलाएं पानी में होकर निकल रहे हैं। गांव में बाढ़ जैसा नजारा दिखाई दे रहा है। बाहरी हिस्से से संपर्क कटा हुआ है। इस बीच निधौली कलां क्षेत्र में वर्षा से धान की फसल को लाभ हुआ है, लेकिन सब्जी, बाजरा की खेती को नुकसान बताया जा रहा है। निरंतर वर्षा से खेतों में पानी भरा हुआ है। सब्जी की फसल को सड़ने का खतरा मंडरा रहा है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि अब तक लगभग 218 एमएम वर्षा हुई है। स्थिति पर विभाग नजर बनाए हुए है। फसलों के नफा-नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा है।
कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित
जनपद में लगातार हो रही वर्षा तथा स्कूलों में जल भराव की दृष्टिगत जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर मंगलवार को कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. इंद्रजीत ने बताया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सभी आंगनबाड़ी केंद्र, परिषदीय विद्यालय, सीबीएसई तथा आईएससी बोर्ड के विद्यालयों में विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा। कार्यालय खुले रहेंगे तथा प्रधानाचार्य शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहकर विभागीय कार्य संपादित करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।