Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इटावा के मिहौली के बीहड़ में दहशत: देरशाम गूंजती रही दहाड़, सुबह तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप

    Updated: Wed, 03 Dec 2025 07:09 PM (IST)

    मिहौली के बीहड़ में एक तेंदुए का शव पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि तेंदुए की मौत आपसी झगड़े के कारण हुई थी। वन विभाग के अधिकारियों के अनु ...और पढ़ें

    Hero Image

    मिहौली के जंगल में मृत अवस्था में मिला तेंदुआ। वन विभाग

    संवाद सूत्र, जागरण, उदी (इटावा)। बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम मिहौली के बीहड़ क्षेत्र से ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम द्वारा एक तेंदुए के शव को बरामद किया। इसके बाद डाक्टरों के पैनल द्वारा उसका पोस्टमार्टम कराया गया। तेंदुए की मौत की वजह जानवरों में भिड़ंत बताई जा रही है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

     

    देर शाम आ रही थी तेंदुओं की दहाड़ की आवाज

    मिहौली गांव के बीहड़ में पिछले काफी समय से तेंदुए के जोड़े विचरण करते देखे जा रहे थे, मंगलवार को गांव निवासी रामबरन सिंह जंगल की ओर अपनी बकरियों को चराने गए थे कि तभी शाम के समय दो बकरियों पर तेंदुए ने हमला कर उनको बीहड़ में खींच ले गया था। ग्रामीणों ने बताया कि बकरियों के शिकार को लेकर देर शाम तेंदुओं में आपस में भिड़ंत हो गई थी, बीहड़ से आ रही दहाड़ और चीख से लड़ाई का अंदाजा लगाया गया था।

     

    वन विभाग ले गया शव

    प्रातः जब ग्रामीण शौच के लिए जंगल की तरफ गए तो उन्हें एक तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा मिला। जिसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। तेंदुए की मौत की खबर पर विभाग में खलबली मच गई और रेंजर व डीएफओ स्टाफ के साथ बीहड़ में निरीक्षण करने पहुंचे। आनन फानन में तेंदुए के शव को जिला मुख्यालय ले गए।

     

    यहां पर काफी संख्या में तेंदुए


    सामाजिक वानिकी बढ़पुरा रेंजर अशोक कुमार सिंह ने बताया गया कि ग्रामीणों से मिली सूचना पर काफी घने जंगल से एक तेंदुए के शव को बरामद किया गया है, जिसका डाक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। प्रथम दृष्ट्या तेंदुओं के आपसी झगड़े में मौत होना प्रतीत हो रहा है, सही वजह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में काफी संख्या में तेंदुए विचरण कर रहे है। ग्रामीणों को जंगल में जानवर ले जाने और बगैर सुरक्षा के जाने के लिए हमेशा हिदायत दी जाती है लेकिन लोग फिर भी जोखिम उठाने से नहीं मानते हैं।