गाजियाबाद के इंदिरापुरम में अतिक्रमण के खिलाफ प्रदर्शन, कई जगह पर सीवर और नाली के कार्य ठप
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में विधायक कॉलोनी के निवासियों ने अतिक्रमण के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण आने-जाने में परेशानी हो रही है, गलियां अवरुद्ध हो गई हैं। उन्होंने नगर निगम से शिकायत की है और अवैध निर्माणों को हटाने की मांग की है। निगम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद में इंदिरापुरम के न्याय खंड-1 की विधायक कॉलोनी में अतिक्रमण से परेशान लोगों ने मंगलवार को विरोध जताया। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने पक्का निर्माण तक गलियों को पूरी तरह से गायब ही कर दिया है।
कॉलोनी के लोगों ने विरोध जताते हुए बताया कि आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए दूर के रास्तों को उपयोग करना पड़ रहा है। सफाई वाहन व एंबुलेंस तक अंदर नहीं पहुंच पाते। अगर अतिक्रमण को हटा दिया जाएगा तो बड़ी राहत मिलेगी। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई है। लोगों ने बताया कि कई जगह पर सीवर और नाली के कार्य ठप हैं।
कॉलोनी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने बताया कि यह समस्या पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ रही है, लेकिन नगर निगम और पुलिस-प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि यह केवल कब्जे का मामला नहीं है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और जनहित की उपेक्षा का उदाहरण है।
स्थानीय लोगों ने इस संबंध में नगर आयुक्त, जिलाधिकारी, उप नगर आयुक्त और थाना प्रभारी इंदिरापुरम को संयुक्त रूप पत्र लिखकर शिकायत की है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देखकर अवैध निर्माणों को हटाया जाए।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के साहिबाबाद में बढ़ रही दूषित पानी की समस्या, खारा पानी पीने को मजबूर हैं लोग
वसुंधरा जोन के जोनल प्रभारी सुनील राय का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई क्षेत्रवार जारी है। विधायक कॉलोनी में भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। इस मौके पर ललित बर्मन, नंद किशोर, मनोज सिंह, निशु प्रभात, अजीत गुप्ता, शौर्य सिन्हा, धीरज आदि मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।