गाजियाबाद में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का सेवा पखवाड़ा, जानिए क्या होगा खास?
गाजियाबाद में भाजपा महानगर द्वारा सेवा पखवाड़ा कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसका उद्देश्य आगामी योजनाओं और सेवा गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाना है। मुख्य अतिथि मानवेंद्र सिंह चौहान ने सेवा को संगठन का मूल मंत्र बताया। मयंक गोयल ने रक्तदान स्वच्छता पौधारोपण जैसे अभियानों की घोषणा की। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत चलने वाले अभियानों की जानकारी दी गई।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर गाजियाबाद की ओर से गोल्डन व्यू रिसोर्ट राजनगर एक्सटेंशन में सेवा पखवाड़ा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संगठन की आगामी योजनाओं एवं सेवा गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला महानगर प्रभारी मानवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है।
इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा कार्य पहुंचाना और भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा भावना से जोड़ना है। महानगर में कार्यकर्ता रक्तदान, स्वच्छता, पौधारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण, खादी एवं स्वदेशी वस्त्रों के प्रचार जैसे अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम अध्यक्ष भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि जल संरक्षण अभियान, जीवन दर्शन प्रदर्शनी, डाक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, ‘नमो मैराथन’, दिव्यांगों को उपकरण वितरण, चित्रकला प्रतियोगिता तथा ‘वोकल फार लोकल’ के तहत खादी एवं स्वदेशी वस्त्रों का प्रचार किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत चलने वाले अभियानों की रूपरेखा बताई गई।
कार्यक्रम संचालन बाबी त्यागी ने किया। इस मौके पर महापौर सुनीता दयाल, एमएलसी दिनेश गोयल, सदर विधायक संजीव शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, आशा शर्मा, पूर्व अध्यक्ष अशोक मोंगा, विजय मोहन, मानसिंह गोस्वामी, अजय शर्मा, सरदार एसपी सिंह, महेश अग्रवाल, अरविंद भारतीय, सतपाल प्रधान आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।