खोड़ा के लोगों को मिलेगी प्रॉपर्टी टैक्स में छूट, अगले पांच साल तक लाभ लेने के लिए करना होगा ये काम
Khoda Water Harvesting खोड़ा नगर पालिका ने हाउस टैक्स में छूट का एलान किया है। वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने वालों को पांच साल तक 50% तक की छूट मिलेगी। गंगाजल योजना रद होने के बाद जलापूर्ति के लिए तीन नलकूप लगाए जाएंगे। पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा ने बताया कि इससे भू-जल स्तर सुधरेगा और लोगों को राहत मिलेगी। जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। खोड़ा के लोगों को हाउस टैक्स में बड़ी छूट मिलेगी। अपने भवनों में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने वाले लोगों को पांच वर्ष तक हाउस टैक्स में 50 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी।
साथ ही गंगाजल आपूर्ति योजना निरस्त होने के बाद तीन नलकूप से जलापूर्ति की तैयारी की जा रही है। ये जानकारी शुक्रवार को खोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा ने प्रेसवार्ता करके दी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि खोड़ा के भू-जल स्तर में सुधार किया जा सके। इसके लिए यह योजना बनाई गई है, जो लोग अपने भवनों में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएंगे उन्हें हाउस टैक्स में यह छूट दी जाएगी।
जो नहीं लगवाएंगे उन्हें कोई छूट नहीं मिलेगी। अगर खोड़ा की 20 प्रतिशत आबादी ने भी हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवा लिया तो इससे भू-जल स्तर में काफी सुधार होगा। इसका प्रस्ताव 19 जुलाई को हुई पालिका की बोर्ड बैठक में पास करा लिया गया है।
खोड़ा के अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें, इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। उनका कहना है कि एक तरफ नगर पालिका लोगों को अधिक हाउस टैक्स भेज रही है, वहीं दूसरी ओर खोड़ा नगर पालिका टैक्स में छूट देगी। इससे लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
जलापूर्ति के लिए तीन नलकूप का हुआ टेंडर
अध्यक्ष ने बताया कि वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने से भू-जल स्तर में सुधार होगा। इससे जलापूर्ति करने में कोई समस्या नहीं आएगी। खोड़ा में जलापूर्ति के लिए तीन नलकूप का टेंडर हो गया है। ये उन क्षेत्रों में लगाए जाएंगे जहां का भू-जल स्तर अभी ठीक है। तीन नलकूप लगने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।