Ramayana Theme Park: गाजियाबाद में बनेगा रामायण थीम पार्क, खर्च होंगे 25 करोड़; जानिए क्या होगा खास?
इस पार्क के निर्माण में करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पार्क में कृत्रिम सरयू नदी भी बनाई जाएगी। यहां सीता रसोई भी बनाई जाएगी जहां लोग लजीज व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। गाजियाबाद नगर निगम (जीडीए) ने कोयल एन्क्लेव में रामायण थीम पार्क बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी है। रामायण थीम पार्क में रामायण के प्रमुख पात्रों की प्रतिमाएं लगाकर वाटिका विकसित की जाएगी।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक और जीडीए की क्षेत्रीय अवस्थापना निधि बैठक भगवान श्रीराम के नाम पर समर्पित रही।
नगर निगम ने यूपी बार्डर से राजनगर एक्सटेंशन तक बनी देश की सबसे लंबी एलिवेटेड रोड का नाम अब श्री रामसेतु करने का प्रस्ताव पास किया तो जीडीए ने कोयल एन्क्लेव में रामायण थीम पार्क बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी। यह पार्क 25 करोड़ की लागत से बनेगा।

श्री रामसेतु के नाम से जानी जाएगी एलिवेटेड रोड
एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश में सपा सरकार के दौरान वर्ष 2014 में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शुरू कराया गया था, लगभग साढ़े दस किलोमीटर लंबी इस रोड को बनाने में 1,147.60 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर रोड का उद्घाटन किया गया था। कुछ माह पहले ही यह रोड जीडीए ने नगर निगम को हैंडओवर की थी।
.jpg)
रामायण के प्रमुख पात्रों की लगाई जाएंगी प्रतिमाएं
- रामायण थीम पार्क में रामायण के प्रमुख पात्रों की प्रतिमाएं लगाकर वाटिका विकसित की जाएगी।
- यह पार्क 22,700 वर्गमीटर जमीन पर बनाया जाएगा।
- इसमें भगवान श्रीराम व चारों भाइयों के बाल्यकाल से लेकर लव-कुश की शिक्षा और मां सीता के धरती की गोद में समाने का वर्णन किया जाएगा।
- पार्क में कृत्रिम सरयू नदी भी बनाई जाएगी। यहां सीता रसोई भी बनाई जाएगी, जहां लोग लजीज व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
नजर आएगा राममय माहौल
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि अयोध्या में श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सफल आयोजन कराने पर शासन को धन्यवाद करने का प्रस्ताव बैठक में लाया गया, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बने राम मंदिर में श्री रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होने पर जिस तरह से देश में राममय माहौल नजर आया।
इसी कड़ी में उसी समय तय किया गया था कि गाजियाबाद में भगवान श्रीराम के नाम पर एक सड़क का नाम रखा जाएगा, पार्षदों से विचार के बाद तय किया गया कि उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले गाजियाबाद में यूपी बार्डर से राजनगर एक्सटेंशन तक बनी एलिवेटेड रोड का नाम श्री रामसेतु रखा जाए।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि श्रीराम की एक भव्य प्रतिमा भी इस रोड के प्रवेश द्वार के पास लगाई जाएगी, जिससे भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा यहां से जाने वाले सभी लोगों को मिले।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।