Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में SIR की निगरानी कर रहे 274 सुपरवाइजर, मतदाताओं तक गणना फॉर्म पहुंचाने की डेडलाइन तय

    Updated: Sun, 09 Nov 2025 03:13 PM (IST)

    गोंडा जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत गणना प्रपत्रों का वितरण तेज़ी से चल रहा है। 25.52 लाख मतदाताओं तक प्रपत्र पहुँचाने के लिए 2726 बीएलओ और 274 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। मतदाताओं को प्रपत्र में अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी। अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी, 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

    Hero Image

    274 सुपरवाइजर कर रहे एसआईआर की निगरानी।

    संवाद सूत्र, गोंडा। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के तहत गांववार गणना प्रपत्र का वितरण तेज हो गया है। जिले के 25.52 लाख मतदाताओं तक गणना प्रपत्र वितरण के लिए 2726 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। अभियान की निगरानी के लिए दस बूथों पर एक सुपरवाइजर की तैनाती की गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    274 सुपरवाइजर गणना प्रपत्र वितरण की निगरानी कर रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 15 नवंबर तक सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने का निर्देश दिया है।

    उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि गाेंडा सदर, कर्नलगंज, मनकापुर व तरबगंज तहसील में गणना प्रपत्र भेज दिए गए हैं। बीएलओ घर-घर जाकर प्रपत्र दो प्रतियों में वितरित कर रहे हैं। बीएलओ को वर्ष 2003 व वर्ष 2025 की मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है। मतदाता दोनों सूची में नाम चेक करके विवरण भर सकते हैं।

    मतदाता सूची तहसील के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भी उपलब्ध है। गणना प्रपत्र में मतदाता को अपनी जन्म तिथि, आधार संख्या, मोबाइल नंबर, माता-पिता का नाम व उनका एपिक नंबर, पति या पत्नी का नाम व एपिक नंबर भरना होगा।

    क्या है समय-सारिणी

    चार दिसंबर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का मतदाताओं को वितरण किया जाएगा एवं प्रपत्रों को भरवाकर प्राप्त किया जाएगा। नौ दिसंबर, 2025 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि नौ दिसंबर, 2025 से आठ जनवरी, 2026 तक होगी।

    नोटिस जारी किए जाने, सुनवाई एवं सत्यापन व दावे और आपत्तियों का निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्णय किए जाने की अवधि नौ दिसंबर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक होगी। सात फरवरी, 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

    • 1192 ग्राम पंचायत
    • 10 नगर निकाय
    • 02 लोकसभा क्षेत्र
    • 07 विधानसभा क्षेत्र
    • 2726 मतदेय स्थल
    • 25.52 लाख मतदाता