UP News: गोंडा में दो दिन से लापता युवक का बाग में मिला शव, चार दिन पहले लुधियाना से आया था घर
पूरे घटना की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रथम दृष्टया हत्या कर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया गया है। मृतक के स्वजन किसी से दुश्मनी की बात नहीं कह रहे हैं।

गोंडा, जागरण संवाददाता। साेमवार की शाम से लापता सुनील कुमार कश्यप का शव गुरुवार को घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित एक धार्मिक स्थल के पास बाग मे पाया गया है। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। शरीर में सड़न शुरू हो गई थी। गले में अंगौछा लिपटा हुआ मिला है। आंशका व्यक्त की जा रही है कि शव को पेड़ से लटका कर आत्म हत्या करार दिए जाने का प्रयास किया किया गया लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली।
मृतक की मां व घर वाले हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। हालांकि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। धानेपुर थाना के मेहनौन गांव का रहना वाला सुनील कुमार कश्यप अपने पिता स्वामीनाथ के साथ लुधियाना मेें रहकर कमाई करता था। चार दिन पहले सुनील लुधियाना से घर आया था।
गत सोमवार के तीसरे पहर वह गांव के बगल लगने वाले मेला से घर का सामान व कुछ खाने के लिए लाया था। माता कुसुमा देवी का कहना है कि सुनील सामान घर में रखने के बाद शाम को यह कहकर निकला कि अभी
कुछ देर में आ रहा हूं। तब तक आप लोग कुछ बनाइए। देर रात तक जब सुनील नहीं लौटा तो उसको फोन किया गया।
फोन की घंटी बजती रही लेकिन उसका फोन नहीं रिसीव हुआ। कई बार फोन मिलाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो गांव व रिश्तेदारों के संग उसकी तलाश शुरू की गई। आसपास के बाग बगीचे, खेत व मेला में तलाश की गई लेकिन, कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की दोपहर तीन बजे तक सुनील के फोन पर घंटी बजती रही। तीन बजे के बाद उसका फोन बंद हो गया।
मां कुसुमा देवी ने मंगलवार को बेटे सुनील के गुमशुदगी की तहरीर थाने में दी। पुलिस ने भी गुमशुदगी लिखकर तलाश शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता लुधियाना से घर के लिए निकल पड़े हैं। मृतक सुनील इकलौता बेटा था। वह पांच बहनों में अकेला था। सुनील के दो बेटे कृष्ण कुमार व रिषभ हैं। पत्नी रूपा व घर वालों का रो रोकर हाल बेहाल है।
क्षेत्राधिकारी सदर विनय कुमार सिंह का कहना है कि पूरे घटना की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रथम दृष्टया हत्या कर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया गया है। मृतक के स्वजन किसी से दुश्मनी की बात नहीं कह रहे हैं। सर्विलांस सहित अन्य टीमों का सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही राजफाश कर लिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।