Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    दीपावली का उपहार: ग्रामीण क्षेत्रों में 20 प्रतिशत कम किराये पर चलेंगी मुख्यमंत्री जनता सेवा बसें, आने-जाने वालों को मिलेगी राहत

    Updated: Sat, 18 Oct 2025 07:38 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीणों को दीपावली का तोहफा दिया है। अब गाँव और कस्बे के लोग 20% कम किराए पर रोडवेज बसों से यात्रा कर सकेंगे। 'मुख्यमंत्री जनता सेवा' बसें जिला मुख्यालयों से 100 किमी तक चलेंगी और रात में गाँवों में ही रुकेंगी। परिवहन निगम ने इस बारे में निर्देश जारी किए हैं और अधिकारियों को इसका पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

    Hero Image

    मुख्यमंत्री जनता सेवा में लगाई जाएंगी आठ लाख किमी पूरी कर चुकी रोडवेज बसें

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव से शहर आवागमन करने वाले लोगों को दीपावली का शानदार उपहार दिया है। अब गांव और कस्बे के लोग 20 प्रतिशत कम किराये पर रोडवेज की बस से यात्रा कर सकेंगे।

    मुख्यमंत्री की पहल पर शासन ने प्रदेश में ग्रामीण अंचल (ग्रामीण क्षेत्र) में कम किराये पर मुख्यमंत्री जनता सेवा के रूप में बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री जनता सेवा जिला मुख्यालयों से अधिकतम 100 किमी तक संचालित होंगी। रात के समय इनका ठहराव गांवों में ही होगा। ताकि, गांव के लोगों को सहूलियत मिल सके।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने 17 अक्टूबर को इस आशय का दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र लिखकर शासन के इस निर्णय का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित कर दिया है।

    प्रधान प्रबंधक ने कहा है कि वर्तमान में ग्रामीण अंचलों में मुख्यमंत्री जनता सेवा (कम किराया) के रूप में बसों को संचालित करने की आवश्यकता है। आठ लाख किमी पूर्ण कर चुकी बसों को ही जनता सेवा (कम किराया) के रूप में प्रयुक्त किया जाना है, जिससे जनता को सुविधा के साथ ही अनधिकृत रूप से संचालित निजी वाहनों पर भी प्रतिबंध लग सकता है।

    निर्णय लिया गया है कि 20 प्रतिशत कम किराये पर ग्रामीण अंचलों से आरंभ होकर जिला मुख्यालय तक मुख्यमंत्री जनता सेवा बसों का संचालन किया जाएगाा। सिंगल क्रू (एक चालक व एक परिचालक) वाली मुख्यमंत्री जनता सेवा जिला मुख्यालय से अधिकतम 100 किमी मार्ग तक ही संचालित होगी।

    अंतिम फेरा में बस का ठहराव गांव में ही सुनिश्चित किया जाएगा। कम किराये की बसों (जनता सेवा) का कलर कोड पिछले माह में संचालित कराई गई मुख्यमंत्री ग्रामीण जनता सेवा के अनुरूप ही होगा। मार्ग पर पड़ने वाले स्टापेज एवं गंतव्य स्थान का बोर्ड सफेद रंग पर लाल से लिखा जाएगा।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर से आसनसोल व कोलकाता के लिए चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें, जारी हुआ शेड्यूल

    बसें सभी गांवों में रुकते हुए संचालित होंगी। आउटसोर्स पर चालक और परिचालक रखे जाएंगे। प्रधान प्रबंधक के अनुसार वर्तमान में नवीन सेवा का लक्ष्य 60 प्रतिशत रखा जाना है, इसके अतिरिक्त यदि किसी पूर्व संचालित मार्ग पर जनता सेवा का संचालन किया जाता है, जिसमें उन मार्गों पर लक्ष्य सामान्य संचालन के अनुसार निर्धारित किया जाएगा।

    प्रधान प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे मुख्यमंत्री जनता सेवा (कम किराया) बसों को मानक के अनुसार शीघ्र संचालित संचालित किए जाने के लिए अपने क्षेत्र के मार्गों का चयन कर परिवहन निगम के मेल पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

    मुख्यालय और शासन के अनुमोदन के बाद मुख्य जनता सेवा (कम किराया) बसों का संचालन आरंभ कराया जाएगा। गोरखपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह का कहना है कि प्रधान प्रबंधक का पत्र मिला है। दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।