Gorakhpur Weather Update: चक्रवाती तूफान 'मोंथा' का गोरखपुर सहित पूरे पूर्वांचल में दिखा असर, बना 20 साल का रिकॉर्ड
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'मोंथा' ने गोरखपुर सहित पूर्वांचल के मौसम को प्रभावित किया है। लगातार बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है, जिससे 20 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी बारिश का माहौल बना रहेगा और तापमान में गिरावट जारी रहेगी। आर्द्रता अधिक होने से ठंड का अहसास होगा।
-1761897292030.webp)
बनी हुई हैं वर्षा की वायुमंडलीय परिस्थितियां। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'मोंथा' ने गोरखपुर सहित समूचे पूर्वांचल में मौसम का माहौल बदल दिया है। बादलों ने आसमान में डेरा जमा लिया है। अनवरत बरस कर तापमान को अपेक्षा से अधिक गिरा दिया है।
गोरखपुर में गुरुवार को पूरे दिन रिमझिम वर्षा होती रही। मौसम विभाग के मानक पर तो बीते 24 घंटे के दौरान यह वर्षा मात्र 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुई लेकिन लगातार वर्षा से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस गिर गया।
अधिकतम तापमान के 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड होने के चलते बीते 20 साल के तापमान का नया रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले 2005 के अक्टूबर में 22.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड हुआ था।
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय ने बताया कि चक्रवाती तूफान 'मोंथा' का प्रभाव बिहार के पश्चिमी हिस्से तक पहुंच गया है। इसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश में निम्न वायुदाब क्षेत्र बन गया है। गुरुवार को पूरे दिन हुई वर्षा इसी का परिणाम रही। चूंकि यह वायुमंडलीय परिस्थिति अभी भी बनी हुई है।
ऐसे में गोरखपुर में शुक्रवार को वर्षा का माहौल बना रहेगा। कुछ स्थानों गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। वर्षा का क्रम जारी रहने के चलते अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं बढ़ने पाएगा। न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे सिमटकर रह जाएगा।
शनिवार से मौसम के साफ होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी लेकिन तापमान में गिरावट थमने नहीं पाएगी। वर्षा के चलते आर्द्रता का प्रतिशत 90 के पार रहेगा। इससे लोगों को रिकार्ड तापमान से अधिक की ठंड का अहसास होगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।