पत्नी को गोली मारते समय नहीं कांपे हाथ, भतीजे की हत्या के बाद साथ में अवैध पिस्टल रखता था पति
गोरखपुर में विश्वकर्मा चौहान ने अवैध पिस्टल से पत्नी ममता की हत्या कर दी। वह नशे का आदी था और उसके कई महिलाओं से संबंध थे जिससे परेशान होकर ममता अलग हो गई थी। विश्वकर्मा पहले मुंबई में नौकरी करता था और जमीन बेचकर नशे में पैसे उड़ा दिए थे। पत्नी के नौकरी करने पर शक करता था और प्रताड़ित करता था।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भतीजे की हत्या के बाद विश्वकर्मा चौहान ने अवैध पिस्टल खरीद ली थी। इसके बाद वह हमेशा हथियार साथ लेकर चलता था। विश्वकर्मा नशे का आदी था और कई महिलाओं से उसके अवैध संबंध थे।
इसी से परेशान होकर पत्नी ममता ने अलग होने का फैसला लिया। उन्होंने बेटी को साथ लेकर किराए के मकान में रहना शुरू किया और पारिवारिक न्यायालय में तलाक का वाद भी दाखिल किया।
चार भाइयों में सबसे छोटा आरोपित विश्वकर्मा पहले मुंबई में रहकर नौकरी करता था। वहीं एक महिला के साथ उसके संबंध थे, जबकि पत्नी गोरखपुर में थी। दो वर्ष पहले वह नौकरी छोड़कर वापस लौट आया। पिता के सेवानिवृत्त होने के बाद उसने जबरन अपने हिस्से की जमीन बिकवा दी और नशे में सारा रुपये उड़ा दिया।
इसके बाद वह पत्नी से लगातार विवाद करने लगा। पत्नी ने बैंक रोड स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी शुरू की तो वह उस पर शक करने लगा और कामकाज पर रोक लगाने की कोशिश करता रहा। ममता इससे तंग आकर बेटी को लेकर अलग हो गई।
इसके बावजूद विश्वकर्मा आए दिन उसके कमरे पर पहुंचकर झगड़ा करता था। पुलिस पूछताछ में बेटी ने बताया कि उसके पिता का उससे कोई सरोकार नहीं था। वे दिन-रात नशे में रहते थे और मां को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मां उनकी आदतों से बेहद परेशान थीं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सरेराह पत्नी की गोली मारकर हत्या से मची सनसनी, पति गिरफ्तार
गोली मारने के बाद बैठा रहा आरोपित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली मारने के बाद आरोपित विश्वकर्मा कुछ देर तक घटना स्थल पर बैठा रहा। हाथ में पिस्टल होने से उसके पास जाने में लोगों को डर लग रहा था। तभी पुलिस की गाड़ी आता देख वह भागने लगा और लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
चचेरे मामा के पास है बेटी
शाहपुर पुलिस के अनुसार ममता चौहान की हत्या की सूचना बेटी को दी गई। पुलिस उसे अपने संरक्षण में थाने लायी और मायके वालों को फोन कर घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद थाने पहुंचे चचेरे मामा को उसे सिपुर्द कर दिया गया। आरोपित के विरुद्ध तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।