UP Weather Today: धुंध के साये में पांव पसार रही ठंड, रात में बढ़ी सिहरन; पढ़िए IMD का ताजा अपडेट
गोरखपुर में नवंबर के साथ ठंड बढ़ने लगी है। दिन में धूप रहने के बावजूद, रात में सिहरन महसूस हो रही है और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। नमी वाली पुरुवा हवा कोहरे को बढ़ा रही है, जबकि पश्चिमोत्तर से आ रही पछुवा हवा ठंड बढ़ा रही है। मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार, नवंबर के अंत तक तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे सर्दी का अहसास होगा।

पुरुवा हवा की नमी बन रही कोहरे की वजह, पछुआ हवा बढ़ा रही ठंड
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नवंबर चढ़ने के साथ ठंड ने अपना पारा चढ़ाना शुरू कर दिया है। धुंध के साये में पांव पसारना शुरू कर दिया है। दिन में धूप भले ही गर्मी की कमान संभाले हुए है लेकिन रात में सिहरन बढ़ जा रही है। ऐसे में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। कोहरे को बढ़ाने की कमान नमी वाली पुरुवा हवा ने संभाली है।
ठंड बढ़ाने की जिम्मेदारी पश्चिमोत्तर भारत से आ रही पछुवा हवा ने उठा ली है। रात ने बदलते रुख को लेकर मौसम का इशारा समझ लिया है। न्यूनतम पारे को गिराना शुरू कर दिया है। बीते दिनों के तापमान का आंकड़ा इसका प्रमाण है और अब तापमान के गिरते रहने का सिलसिला जारी रहने का माैसम विज्ञानी का पूर्वानुमान है।
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार अब दिन-प्रति-दिन तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। सर्दी के मौसम की मजबूत दस्तक महसूस की जाएगी। नवंबर के अंत तक अधिकतम तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचेगा और न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा।
वातावरण की नमी तापमान गिरने में मौसम का साथ देगी। आर्द्रता 80 से 90 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकार्ड होगी। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी की ओर से निरंतर चलने वाली नम पुरुआ हवा बनेगी। यही नमी कोहरे का भी कारण बनेगी। समय बढ़ने के साथ सुबह व शाम शहर की दृश्यता को प्रभावित करेगी।
यह भी पढ़ें- Puja special trains: गोरखपुर समेत विभिन्न स्टेशनों से आज चलेंगी 21 पूजा स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें पूरा शेड्यूल
मौसम विज्ञानी ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपरी वायुमंडल में पछुवा हवा चल रही है, जिसके चलते पश्चिमोत्तर के पहाड़ों की सर्द होती हवा पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही है। यह क्रम धीरे-धीरे और बढ़ेगा। इसके चलते पहाड़ों का सर्द मौसम पूर्वी उत्तर प्रदेश तक आएगा और शहर का पारा तेजी से गिराएगा।
बीते दिनों यह रहा शहर का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| तिथि | अधिकतम | न्यूनतम |
| 06 नवं. | 31.5 | 18.7 |
| 05 नवं. | 31.6 | 18.4 |
| 04 नवं. | 31.0 | 17.2 |
| 03 नवं. | 28.5 | 20.4 |
| 02 नवं. | 25.2 | 21.2 |
| 01 नवं. | 24.2 | 20.5 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।