Hapur News: दिल्ली कूच कर रहे किसानों को छिजारसी टोल प्लाजा पर रोका गया, भारी पुलिसबल तैनात
रविवार को जिले से किसान कार ट्रैक्टर- ट्राली व अन्य वाहनों में सवार होकर दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए। हापुड़ के अलावा बुलंदशहर अलीगढ़ अमरोहा मुरादाबा ...और पढ़ें

हापुड़, जागरण संवाददाता। दिल्ली में नए संसद भवन के सामने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध करने वाली महिला पहलवानों के समर्थन में खाप पंचायत के आह्वान पर रविवार को दिन निकलने की सरकारी मशीनरी सड़कों पर उतर गई। अपने निजी वाहनों से दिल्ली कूच करने वाले किसानों को पिलखुवा के छिजारसी टोल प्लाजा पर रोका गया।
इस दौरान किसानों व पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस ने किसानों को आगे जाने नहीं दिया। हालांकि, कुछ किसानों के वैकल्पिक मार्ग से दिल्ली जाने संभावना जताई जा रही है। अधिकारी लगातार किसानों से वार्ता कर जुगत लगाने में जुटे हैं।

दिल्ली में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई संसद का उद्घाटन करेंगे। खाप पंचायत ने प्रदर्शनकारी पहलवानों के पक्ष में पंचायत बुलाई गई है। पहलवानों ने भी नई संसद के बाहर ही धरना प्रदर्शन की तैयारी की है। हालांकि, इस पंचायत के लिए अभी तक कोई अनुमति नहीं दी गई है।
रविवार को दिन निकलते ही जिले से किसान कार, ट्रैक्टर- ट्राली व अन्य वाहनों में सवार होकर दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए। हापुड़ के अलावा बुलंदशहर, अलीगढ़, अमरोहा, मुरादाबाद समेत अन्य जिलों से भी किसान दिल्ली जाने के लिए एनएच-09 के रास्ते छिजारसी टोल प्लाजा पर पहुंचे। जहां पहले से ही तैनात अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। किसानों को समझा कर अधिकारियों ने उन्हें वापस लौटाया।
एएसपी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया किसानों के जत्थे को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ दो कंपनी व एक प्लाटून पीएसी के जवानों तैनात हैं। छिजारसी टोल प्लाजा सहित दिल्ली जाने वाले अन्य मार्गों के अलावा कई अन्य स्थानों पर पुख्ता बैरिकेडिंग कर किसानों को रोका जा रहा है। किसी भी हाल में किसानों को दिल्ली नहीं जाने दिया जाएगा।
रातभर किसानों से बात करती रही पुलिस
किसान दिल्ली न जा सके, इसके लिए अधिकारियों से लेकर थानेदार व चौकी प्रभारी और बीट सिपाहियों तक सभी पुलिसकर्मी किसान नेताओं व पदाधिकारियों के घर जाकर उनसे वार्ता करते रहे।
कुछ किसान नेताओं व पदाधिकारियों को पुलिस ने उनके घर के बाहर की नजर बंद कर दिया। इसके बाद भी किसान दिल्ली जाने के लिए छिजारसी टोल प्लाजा पर पहुंच गए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।