पत्नी को विदा कराने आए पति से मायके पक्ष का हुआ विवाद, विवाहिता ने फंदा लगाकर दे दी जान
हरदोई में एक दुखद घटना घटी, जहां विदाई के समय पति और मायके वालों के बीच विवाद होने के बाद एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की ज ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, सांडी। एक साल से विवाद चलने पर चार दिन पहले विदा कराने आए पति से मायके पक्ष का विवाद हो गया। विवाद से क्षुब्ध होकर विवाहिता ने जान दे दी। गांव से कुछ दूरी पर बाग में दुपट्टे के फंदे से शव लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सांडी के ग्राम सैतियापुर की मनीषा की शादी तीन वर्ष पहले बेहटागोकुल के ग्राम दुलारपुर के वीरेंद्र सिंह के साथ हुई थी। स्वजन के अनुसार ससुराल में विवाद होने के चलते एक वर्ष से मनीषा मायके में रह रही थी। जबकि पति दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। चार दिन पहले पति विदा कराने आया था।
मनीषा से ससुराल जाने की तैयारी की, रविवार को पति और मां के साथ जगदीशपुर बाजार जाकर घरेलू सामग्री खरीदी। दोपहर में घर पहुंचने पर पति उसके मायके वालों से झगड़न लगा। इस बात से नाराज होकर रविवार शाम करीब पांच बजे मनीषा घर से कहीं चली गई।
काफी देर तक न आने पर स्वजन ने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। सोमवार की दोपहर मनीषा का शव घर से 100 मीटर दूरी पर बाग में चांदनी के पेड़ में दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला।
पुलिस ने मायके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने को नमूने लिए। थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फंदे से लटका मिला किशोरी का शव
बिलग्राम के मुहल्ला मंडई की पायल का शव रविवार रात कमरे में फंदे से लटकता मिला। मां रेखा का कहना है कि रात में बेटी अपने कमरे में गई थी। काफी देर तक बाहर न निकालने पर कमरे में जाकर देखा तो शव लटका दिखा। शोर मचाने पर स्वजन मौके पर आ गए।
पायल दो भाइयों के बीच अकेली थी। घटना के बारे में स्वजन कुछ नहीं बोल रहे हैं। पुलिस आत्महत्या मानकर घटना के कारणों की जांच करने में जुटी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।