रालोद के तिलिस्म को फिर नहीं भेद पाई भाजपा
किशोर वार्ष्णेय, हाथरस : सादाबाद में जिला पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव में वार्ड 16 के रालोद के गढ़ में भाजपा की दाल फिर नहीं गली। रालोद ने लगातार तीसरी बार यहां जीत दर्ज कर ताकत का एहसास करा दिया। भाजपा प्रत्याशी रालोद के चक्रव्यूह को भेदने में नाकामयाब रहे। चुनाव नतीजों के बाद से ही भाजपा खेमे में मायूसी छा गई है। प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू ने सबसे पहले वर्ष 2016 में वार्ड 16 में भाग्य आजमाया था। यहां उनके सामने बहुजन समाज पार्टी समर्थित प्रत्याशी प्रोफेसर ज्वाला सिंह थे। दोनों जाट समाज से थे, लेकिन बसपा समर्थित प्रत्याशी ज्वाला सिंह को यहां हार का सामना करना पड़ा था। रालोद समर्थित प्रत्याशी प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू को इस वार्ड से 15,000 से अधिक मत मिले थे। वर्ष 2021 में इसी वार्ड से रालोद ने दोबारा प्रदीप चौधरी को प्रत्याशी घोषित किया। उनके सामने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय थे। भाजपा प्रत्याशी के रूप में वरुण शर्मा मैदान में थे। इस चुनाव में प्रदीप चौधरी गुड्डू ने अप्रत्याशित जीत दर्ज की थी। उन्हें 18,000 से अधिक मत मिले थे। इसके बाद विधानसभा के चुनाव में रालोद ने प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू को टिकट दे दिया और वे विधायक बन गए। इसके बाद प्रदीप चौधरी ने इस वार्ड से इस्तीफा दे दिया। यहां इसी पद पर गुरुवार को उपचुनाव कराया गया। रालोद समर्थित प्रत्याशी केशव देव चौधरी ने फिर से जाटलैंड में अपनी धाक जमाई और विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू के सहयोग से 2555 वोटों से जीत दर्ज की। अपने ही गांव में हार गए रूपेंद्र कुरसंडा ग्राम प्रधान के पति और भाजपा समर्थित प्रत्याशी रूपेंद्र सिंह नंबरदार अपने ही गांव में जीत दर्ज नहीं कर सके। ग्राम पंचायत में विकास कार्य न होने की नाराजगी से वे अपनी पंचायत से ही 144 वोटों से पीछे रह गए। इस गांव के लोगों ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा की थी। कई दिन तक प्रदर्शन किया था। रूपेंद्र सिंह ने उन्हें समझाया मगर ग्रामीणों ने उनकी बात नहीं मानी थी। अधिकारी तथा विधायक प्रदीप चौधरी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया था। कुरसंडा ग्राम पंचायत के 15 वार्ड में 45 फीसद मतदान हुआ था। 11,474 मतों में से 5183 वोट पड़े। रूपेंद्र सिंह को 2335 वोट मिले जबकि केशव देव चौधरी ने 2479 वोट हासिल किए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।