'रोहिंग्या हों या अवैध बांग्लादेशी... सभी होंगे बाहर', ब्रजेश पाठक बोले- जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही सरकार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि रोहिंग्या हों या बांग्लादेशी, जो भी अवैध तरीके से देश में रह रहे हैं, उन्हें बाहर किया जाएगा। सरका ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि रोहिंग्या हों या बांग्लादेशी, जो भी अवैध तरीके से देश में रह रहे हैं उन्हें बाहर किया जाए। सरकार कानून व्यवस्था पर शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है।
पाठक सोमवार को राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के समसपुर पनीयरिया ग्राम स्थित पैतृक आवास पर उनके पिता सवधू यादव को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने एसआइआर की खुले मन से वकालत की। कहा कि जिस तरह मन की शुद्धता के लिए योग आवश्यक है, उसी तरह लोकतंत्र की शुचिता के लिए निष्पक्ष चुनाव व एसआइआर आवश्यक है।
कफ सीरप मामले में पूछे जाने पर कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। अखिलेश यादव के बयान वन जिला-वन माफिया पर प्रतिक्रिया देते हुए पाठक ने तल्ख लहजे में कहा कि अखबार की कटिंग और पुराने वीडियो क्लिप्स उठा कर देखिए। सपा शासन में भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, डकैती और बलात्कार सब चरम पर थे।
आज वही लोग कानून व्यवस्था पर उपदेश देते हैं। तुलना करने पर जनता खुद समझ जाएगी कि योगी सरकार में कानून का राज है या नहीं। सपा के लोगों को कानून व्यवस्था पर बोलने का हक ही नहीं है। बिहार में मतदाता सूची से बाहरी व फर्जी नाम हटाने पर उन्होंने कहा 65 लाख बाहरी और फर्जी नाम हटाए गए, फिर भी किसी ने विरोध नहीं किया।
चुनाव परिणाम विपक्ष की स्थिति खुद बता रहा है। डिप्टी सीएम ने मंत्री की माता राजपत्ती देवी सहित शोकाकुल स्वजन से मिलकर उनका दुख साझा किया। वहां श्रद्धांजलि देने कैबिनेट मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, मंत्री दयाशंकर सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंचे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।