उत्तर प्रदेश में लगे राष्ट्रीय ध्वज से छेड़छाड़ कर देश विरोधी नारे, दो गिरफ्तार, और पहचाने जा रहे चेहरे
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान राष्ट्रीय ध्वज से छेड़छाड़ और देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने झंडे से अशोक चक्र हटाकर जेहादी नारे लिखे और फलस्तीन का झंडा लहराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। तनाव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है।

संवाद सूत्र, जागरण, गुरसहायगंज (कन्नौज)। जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान राष्ट्रीय ध्वज से अशोक चक्र हटाकर जेहादी नारे लिखने के साथ देश विरोधी नारेबाजी की गई। फलस्तीन का झंडा लहराने के साथ ही उन्मादी नारेबाजी कर लोगों में भय व्याप्त किया गया। इस मामले में पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। जहां एक आरोपित को न्यायालय से जमानत मिल गई है। बाकी तीन अज्ञात आरोपितों की शिनाख्त के लिए पुलिस वीडियो फुटेज देख रही है।
जवाहर नगर निवासी ब्रजेश गुप्ता, धर्मेन्द्र कौशल, जितेन्द्र कुमार, अशोक कुमार, रमन कुमार, राजा तिवारी, ध्रुव गुप्ता व अंकित सविता आदि ने बताया कि पांच सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे बारावफात जुलूस के दौरान अराजकतत्वों ने फलीस्तीन का झंडा लहराया गया। झंडा लहरा रहे युवकों ने धार्मिक उन्मादी नारे भी लगाए।
राष्ट्रीय ध्वज से अशोक चक्र को हटाकर उस पर अरबी भाषा में जेहादी नारे लिखकर सार्वजनिक स्थान पर लहराया गया। इससे देश की अखंडता और एकता को खतरे में डालकर अलगाववाद को बढ़ावा दिया गया। यह कार्य सुनियोजित और जानबूझ कर किया गया है। बताया कि इस कृत्य का वीडियो भी बनाया गया है जिसके आधार पर आरोपितों की पहचान भी की गई।
पुलिस ने मामले में मुहल्ला किदवई नगर निवासी अयान व सोएब सहित तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
तनाव और प्रदर्शन की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट
मंगलवार को सुबह से ही कोतवाली पुलिस मामले की गंभीरता को लेकर अलर्ट रही। हिंदू संगठनों द्वारा धरना प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस भ्रमण करती रही। जबकि शिव शक्ति अखाड़ा के प्रमुख महंत मधुराम शरण के नगर के श्रीराम मंदिर में होने वाले कार्यक्रम के लिए भी पुलिस प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। उन्हें जनपद की सीमा के बाहर से ही गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे के अरौल कट पर एएसपी अजय कुमार, सीओ, कोतवाली प्रभारी कन्नौज जितेन्द्र प्रताप सिंह ने रोक लिया और काफिले के साथ ले जाकर छिबरामऊ छोड़ दिया। इधर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे कस्बा सहित क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से शांति व्यवस्था कायम करने की अपील करते रहे। शिव शक्ति अखाड़ा के जिला सेनापति ब्रजेश गुप्ता रामू से भी वार्ता की और कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कार्यक्रम न करने की अपील की।
अज्ञात आरोपितों की तलाश जारी
मामले में पुलिस वीडियो फुटेज के जरिये अज्ञात आरोपितों को चिह्नित कर तलाश में जुटी है। इससे पहले सोमवार को पुलिस ने नामजद आरोपित मुहल्ला किदवई नगर निवासी अयान पुत्र इकबाल व शोएब पुत्र इरशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। इनमें शोएब को न्यायालय ने जमानत पर रिहा कर दिया। कस्बा प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि वीडियो व कैमरे की फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपितों की तलाश की जा रही है। आरोपितों के पास से मिले मोबाइल फोन को भी जांच के लिए भेजा गया है। जिससे साजिश का राजफाश होने की उम्मीद है। बताया कि अज्ञात आरोपितों में एक आरोपित की पहचान और कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर मामले को लेकर कस्बा में तनाव को देखते हुए पुलिस सक्रिय है। दोनों समुदायों की गतिविधियों और संगठनों के लोगों से लगातार संपर्क कर पुलिस वार्ता कर रही है।
शिव शक्ति अखाड़ा का कार्यक्रम निरस्त
फलस्तीन का झंडा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में शिव शक्ति अखाड़ा द्वारा मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कस्बा के श्रीराम मंदिर में बैठक व प्रेसवार्ता होनी थी। जिसमें शिव शक्ति अखाड़ा प्रमुख महंत मधुराम शरण शिवा को आना था। लेकिन पुलिस ने उन्हें कानपुर से आते समय जनपद की सीमा के बाहर ही रोक लिया और शांति व्यवस्था का हवाला देकर छिबरामऊ ले जाकर छोड़ दिया। इससे कार्यक्रम निरस्त हो गया। जिला सेनापति ब्रजेश गुप्ता रामू ने बताया कि जल्द ही कार्यक्रम के समय की घोषणा की जाएगी।
कोतवाली में डटे रहे एएसपी व सीओ
हिंदू संगठनों द्वारा धरना प्रदर्शन करने की सूचना को लेकर एएसपी अजय कुमार व सीओ छिबरामऊ सुरेश कुमार मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे कोतवाली पहुंच गए और पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही हिंदू संगठन के लोगों से वार्ता कर गतिविधियों पर नजर रखी। मामले को लेकर विवेचक दीपक कुमार से वार्ता कर अन्य आरोपितों को चिह्नित कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। कहा कि शांति व सौहार्द बिगाड़ने वाले अराजकतत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।