बिठूर में बदमाशों की दहशत, बचाव में घरों और छत पर रखे ईंट-पत्थर, बाबरिया गिरोह की आशंका
Kanpur Criminals Terror in Bithoor कानपुर के बिठूर में बदमाशों के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। पुलिस ने लोगों को घरों और छतों पर ईंट-पत्थर रखने की सलाह दी है। लगातार दो रातों से बदमाशों ने धावा बोला जिससे लोग रात में जागकर पहरेदारी करने को मजबूर हैं। आशंका है कि ये बाबरिया गिरोह के सदस्य हैं जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। पुराना बिठूर के मैनावती नगर और चमरौधा गांव में बदमाशों ने धावा बोला, लेकिन एक परिवार को आहट लगी तो शोर शराबा मच गया। मुहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो दूसरे मुहल्ले पहुंच गए, लेकिन जब उस मुहल्ले के लोग घरों से निकले तो बदमाश जंगल की ओर भाग गए। बिठूर थाने की हल्का चौकी पुलिस टीम भी पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला।
बड़ी बात ये है कि अगले दिन रविवार देर रात फिर बदमाशों ने धावा बोला, लेकिन फिर शोर मचा तो बदमाश भाग गए। आरोप है कि पुलिस ने लोगों से कहा कि अपनी सुरक्षा के लिए घरों और छत पर ईंट-पत्थर रखें। बदमाशों की इतनी दहशत है कि वे लोग रात में जागकर पहरेदारी करने को मजबूर हैं। वहीं, लोगों ने बाबरिया गिरोह के होने की आशंका जताई।
मैनावती नगर निवासी पंकज कठेरिया ने बताया कि घर के पास गणेश पूजन के लिए पंडाल लगा है, जहां शनिवार रात आयोजन में भजन-कीर्तन और झांकियां निकाली जा रही थी। मुहल्ले की लड़कियां झांकी के बाद कपड़े बदलने अपने घर पहुंचीं। पिता रामचंदर कठेरया पैरालिसिस से पीड़ित होने के चलते आगे कमरे में लेटे थे। इसीबीच छत पर खटपट की आवाज आई। कुछ देर में लड़कियों का शोर मचा तो वे सभी लोग छत पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
इसी बीच और शोर मचने पर और मुहल्ले के लोग दौड़ने लगे। मुहल्ले में बदमाशों के आने की खबर बगल के मुहल्ले में पहुंच गई। पंकज ने बताया कि तीन से चार बदमाश हैं। आशंका है कि उनके पास हथियार भी होगा। बदमाशों को लेकर दोनों मुहल्ले के लोग उनकी तलाश में रातभर लाठी-डंडे लेकर घूमे।
यह भी पढ़ें- UP के सीएम योगी से बोली कानपुर की बच्ची, मेरा एडमिशन करा दीजिए, जानें बड़े होकर बनें....
बिठूर पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी तो हल्का चौकी इंचार्ज और कई पुलिसकर्मी मुहल्ले की गलियों में बदमाशों को तलाश करने लगे। जब कोई नहीं मिला तो पुलिसकर्मियों ने कहा कि सुरक्षा के लिए घरों के अंदर और छतों पर ईंट-पत्थर रखें। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट गई। मदन और अजय राठौर ने बताया कि इस घटना के बाद रविवार देर रात फिर बदमाश जंगल से खेत की तरफ बढ़ते हुए छतों पर आ गए, लेकिन लोगों को आहट लगी तो लोगों ने हो-हल्ला मचने लगा, जिसके बाद बदमाश वापस भाग गए।
शनिवार रात वह गणेश पंडाल में थे। तभी लोगों का शोर सुनकर पहुंचे तो पता चला कि बदमाश आ गए हैं। सभी लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े, जिसके बाद बदमाश जंगल की तरफ भाग निकले। वहीं, पुलिस का कहना था कि अपनी सुरक्षा के लिए घरों व छतों पर ईंट-पत्थर रखें। रविवार देर रात भी बदमाश आए थे, लेकिन शोर मचाने पर भाग गए।
- गौरव कठेरिया
छत पर बदमाश आए थे। मुहल्ले वालों के शोर मचा दौड़ाने पर खेत से होकर दूसरे मुहल्ले और फिर जंगल की तरफ भाग निकले। रविवार को फिर बदमाश आए थे। पुलिस ने भी काफी तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला। लोगों में बदमाशों की दहशत है। दो दिन से बदमाश आ रहे हैं।
-सौरभ कठेरिया
पिछले दो दिनों से रात में बदमाश मुहल्ले में आ रहे हैं। पूरे मुहल्ले में दहशत हो गई है। लोगों ने बदमाशों को लाठी-डंडे लेकर दौड़ाया है। उनके पास हथियार होने की भी आशंका थी। पुलिस भी आई थी, लेकिन बदमाश को नहीं तलाश पाई।
- दिनेश कुमार
मुहल्ले में बदमाशों के आने से इतनी दहशत है कि अब रात में कोई सोता नहीं है। शनिवार और रविवार रात लगातार बदमाशों ने धावा बोला है। लोगों में चर्चा है कि ये बदमाश बाबरिया गिरोह से जुड़ा है। अपनी सुरक्षा के लिए लोग मुहल्ले में पहरेदारी करने लगे हैं।
-शांति देवी
बदमाशों के आने की कोई जानकारी नहीं है। बिठूर थाना प्रभारी से भी पूछा की, लेकिन उनके पास भी कोई जानकारी नहीं है। मामले को पता करवाता हू।
- रंजीत कुमार, एसीपी कल्याणपुर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।