Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर में बादलों ने लगाई वर्षा की झड़ी, डेढ़ घंटे में 38.7 मिमी बरसा पानी

    Updated: Tue, 09 Sep 2025 05:00 AM (IST)

    कानपुर में सोमवार दोपहर अचानक घिरे बादलों से तेज वर्षा हुई जिससे मौसम सुहावना हो गया। चौबीस घंटे में 58.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों ने इसे जलवायु परिवर्तन का असर बताया है। ट्रफ रेखा के कारण उमस बढ़ने से वर्षा हुई जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

    Hero Image
    गोविंदनगर बाजार में भरा वर्षा का पानी । जागरण

    जागरण संवाददाता, कानपुर। बादलों ने शहर में ऐसी वर्षा कराई जिसने सावन - भादों के मौसम की याद दिला दी। डेढ़ घंटे के दौरान कंपनीबाग क्षेत्र में 38.7 मिमी पानी बरस गया। शहर के अलग - अलग हिस्सों में हालांकि कम - ज्यादा वर्षा दर्ज हुई है लेकिन बीते चौबीस घंटे के दौरान 58.5 मिमी की वर्षा ने मौसम विज्ञानियों को भी हैरत में डाल दिया। सितंबर महीने में ऐसी तेज वर्षा को मानसून के साथ ही जलवायु परिवर्तन की देन माना जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोमवार को शहर के एयरफोर्स एरिया में 19, काकादेव में 37.3, नौबस्ता में 32.4, सिविल लाइंस में 22.8 और कंपनी बाग में 38.7 मिमी पानी बरसा है। कंपनी बाग क्षेत्र में बीती रात में 19.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।

    मानसून वर्षा कराने वाली ट्रफ़ लाइन जो दो दिन पहले मध्य प्रदेश चली गई थी वह रविवार और सोमवार को बदली मौसमी स्थितियों में कानपुर के निकट आ गई है। मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि ट्रफ रेखा सोमवार की दाेपहर में उरई के ऊपर से गुजर रही थी। इसी वजह से कानपुर और आस - पास में बादलों की सघनता बढ गई और तेज वर्षा देखने को मिली है।

    रविवार -साेमवार की रात में भी तेज वर्षा हुई है। सोमवार की सुबह मौसम सामान्य हो गया था और उमस भी तेजी से बढ़ने लगी थी। इससे मानसून के बादलों को बरसने का मौका मिल गया। सोमवार की दोपहर में उमस बढ़ने के साथ बादल एक स्थान पर एकत्र हो गए और तेज वर्षा शुरू हो गई। वर्षा का वेग इतना प्रबल था कि शरीर पर वर्षा की बूंदें हथौड़े की तरह चोट कर रही थीं।

    डा. पांडेय ने बताया कि मंगलवार को बादलों की आवाजाही के साथ दिन में चमकदार धूप निकलने की संभावना है। हवा में आर्द्रता का स्तर सोमवार को 92 प्रतिशत रहा है इससे मंगलवार को भी आर्द्रता अधिक रहने के आसार हैं। सोमवार को तेज वर्षा के साथ ही हवा की औसत रफ्तार भी 14 किमी प्रति घंटा बनी रही है।

    तेज वर्षा होने के बाद मौसम में मौजूद उमस में कमी आई है और दिन का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो रविवार को 35.1 डिग्री था। रात में हुई वर्षा का असर न्यूनतम तापमान पर भी पड़ा है जो एक दिन पहले के 26.6 डिग्री से खिसककर 23 डिग्री पर पहुंच गया है। इसी तरह एयरफोर्स क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रहा है।

    सीजन में सर्वाधिक वर्षा वाले दिन

    • दो सितंबर - 34.8 मिमी
    • 26 अगस्त - 36.8
    • 14 अगस्त - 46.2
    • पांच अगस्त - 63.0 मिमी
    • चार अगस्त - 43.8
    • 18 जुलाई - 33.0
    • 17 जुलाई - 26.4
    • 15 जुलाई - 48.5
    • 12 जुलाई - 35.0
    • 06 जुलाई - 28.0
    • 05 जुलाई - 53.9
    • 20 जून - 34.8 मिमी
    • 03 जून - 64 .0 मिमी