Kaushambi News : रात में पत्नी से रोटी के लिए हुआ विवाद, सुबह बाग में निर्वस्त्र मिला किसान का शव
कौशांबी जनपद के कड़ाधाम थाना क्षेत्र के एक बाग में वृद्ध किसान का शव मिला। उसके हाथ में पुड़िया मिली जिससे जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने शव कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

संसू, जागरण, कड़ा (कौशांबी)। कड़ाधाम क्षेत्र में कटरा मजरा सौंरई बुजुर्ग गांव स्थित बाग में रविवार सुबह एक किसान का शव मिला। शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। हाथ में जहर जैसी खाली पुड़िया फंसी मिली। बताया जाता है कि किसान का रात को भोजन में 'रोटी' नहीं होने के कारण पत्नी से विवाद हुआ था। घटना से उसकी पत्नी का रो-रोकर हाल-बेहाल है। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
60 वर्षीय रामऔतार पत्नी के साथ अकेले रहते थे
कड़ाधाम क्षेत्र के कटरा निवासी 60 वर्षीय रामऔतार पुत्र कल्लू खेतीबाड़ी कर अपना व पत्नी का भरण पोषण करते थे। उनके तीन बेटे मनोज, मतेश व विनोद गुजरात में और एक बेटा प्रमोद दिल्ली में प्राइवेट काम करता है। दो बेटियों रेखा व सुरेखा की वह शादी कर चुके थे। गांव में वह व पत्नी कौशिल्या के साथ अकेला रहते थे।
गेहूं पिसा नहीं होने से पत्नी नहीं बना सकी रोटी
पत्नी के मुताबिक शनिवार रातऔतार खेत से लौटने के बाद खाना मांगा। खाने में चावल दिया तो उन्होंने रोटी मांगी। इसी बात को लेकर रामऔतार भड़क गए। कौशिल्या ने बताया कि गेहूं पिसा नहीं होने के कारण रोटी नहीं बना सकी है। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच बहस हुई। रामऔतार रात करीब नौ बजे घर से नेकर पहने हुए निकल गया। उसने पड़ोसी के यहां जाकर रोटी मांगी तो उन लोगों ने भोजन समाप्त हो जाने की बात कही।
हाथ में कागज की मिली पुड़िया, जहर की आशंका
इसके बाद रात भर रामऔतार घर नहीं लौटे। सुबह पत्नी पड़ोसियों के साथ खोजबीन करने निकली तभी घर से कुछ दूर स्थित बाग में रामऔतार का शव नग्नावस्था में मिला। उनके हाथ में एक कागज की पुड़िया फंसी थी। यह देख पत्नी दहाड़ मारकर रो पड़ी। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लिया।
पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट होगा मौत का कारण
कड़ाधाम थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह का कहना है कि पति-पत्नी के बीच रोटी को लेकर विवाद होने की बात पता चली है। मृतक के हाथ में एक पुड़िया मिली। आशंका है कि पुड़िया में जहर हो सकता है। मृतक के पत्नी की लिखित तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।